Twisha Sharma Death: ट्विशा शर्मा की मौत वाली जगह से आई पहली तस्वीर, समर्थ सिंह की आज कोर्ट में पेशी; पुलिस 7 दिन की मांगेगी रिमांड
Twisha Sharma Death Case: ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब तेजी पकड़ चुकी है। पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसका वकालत लाइसेंस रद्द कर दिया गया है। साथ ही शनिवार को उनकी सास गिरिबाला सिंह को भी नोटिस थमा दिया गया है।
Twisha Sharma Death Case: हत्या या आत्महत्या... ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। ट्विशा के पति समर्थ सिंह को शुक्रवार (22 मई) जबलपुर में गिरफ्तार किया गया। यहां वे सरेंडर करने पहुंचा था, तब भोपाल पुलिस ने समर्थ को अरेस्ट कर लिया। इस बीच अब उस जगह की तस्वीरें सामने आई हैं, जहां ट्विशा की मौत हुई थी।
भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उस घर की छत से पहली तस्वीरें मिली, जहां उनका शव मिला था। खबरों के मुताबिक, 33 साल की ट्विशा का शव 12 मई को इसी जगह पर फांसी पर लटकी हुई मिला था।
मौत से चंद घंटे पहले ब्यूटी पार्लर में तीन घंटे रुकी थीं ट्विशा
इसके अलावा ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत के मामले में एक नया और बेहद अहम CCTV फुटेज भी सामने आया है। फुटेज 12 मई ट्विशा की मौत से कुछ घंटे पहले का बताया जा रहा है। इसमें वह ब्यूटी पार्लर में नजर आ रही हैं। जानकारी के अनुसार, ट्विशा ने उस दिन करीब तीन घंटे तक पार्लर में रुककर हेड मसाज लिया। इस दौरान वे काफी शांत और सामान्य दिख रही हैं। उसके चेहरे पर किसी तरह का तनाव या मानसिक परेशानी नजर नहीं आ रही है।
कोर्ट में समर्थ सिंह की पेशी
ट्विशा के पति समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के बाद आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। ACP रजनीश कश्यप ने कहा कि हम समर्थ सिंह की 7 दिन की रिमांड मांगेंगे। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने आरोपी पति समर्थ सिंह के वकालत के लाइसेंस को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, शनिवार (23 मई) एक पुलिस अधिकारी ट्विशा शर्मा की सास गिरिबाला सिंह को उच्च न्यायालय का नोटिस देने उनके घर पहुंचे।
दोबारा होगा ट्विशा की डेडबॉडी का पोस्टमार्टम
मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने ट्विशा शर्मा की डेडबॉडी का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए हैं। कोर्ट ने दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर के नेतृत्व में टीम भोपाल AIIMS में पोस्टमॉर्टम करने के आदेश दिए। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की जाएगी। तब तक पुलिस को शव सुरक्षित रखने को कहा गया है। वहीं, इधर, मध्य प्रदेश सरकार ने मामले की CBI जांच के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखकर जांच की सहमति दी है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 23 May 2026 at 12:47 IST