अपडेटेड 7 April 2025 at 09:22 IST
Haridwar Fire: हरिद्वार की केमिकल फैक्ट्री से एक शव बरामद, बाकी चार की तलाश जारी; भीषण आग की घटना में फंसे थे चार मजदूर
हरिद्वार के इब्राहिमपुर गांव में गणपति केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग की घटना ने बड़े हादसे का रूप ले लिया। फैक्ट्री से एक शव बरामद हुआ है।
हरिद्वार की एक केमिकल फैक्ट्री में रविवार को भीषण आग लग गई थी। आग इतनी भयावह थी की पूरे फैक्ट्री को तेजी से अपनी चपेट में ले लिया। कई किलोमीटर दूर से धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया था। फैक्ट्री के अंदर कुछ मजदूर फंस गए थे, अब सोमवार को रेस्क्यू के दौरान एक मजदूर का शव बरामद किया गया है। अभी फैक्ट्री के अंदर और मजदूरों की फंसे होने की आशंका है।
हरिद्वार के इब्राहिमपुर गांव में गणपति केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग की घटना ने बड़े हादसे का रूप ले लिया। करीब 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने सोमवार सुबह 6 बजे के आसपास आग पर काबू पा लिया। रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। फैक्ट्री की तलाशी के दौरान बाथरूम से एक मजदूर का शव बरामद हुआ है।
फैक्ट्री के अंदर और मजदूरों की फंसे होने की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि आग लगने के वक्त फैक्ट्री में करीब पांच लोग अंदर फंसे थे। बाकी चार की तलाश में रेस्क्यू टीमें लगातार जुटी हैं। सिडकुल, मायापुर और लक्सर समेत कई दमकल केंद्रों से फायर टेंडर बुलाए गए हैं। फैक्ट्री में मौजूद केमिकल्स के चलते आग लगातार बेकाबू होती चली गई। हालांकि लपटें अब शांत हो गई है, लेकिन फैक्ट्री के भीतर मौजूद रसायनों को लेकर खतरा अभी भी बना हुआ है। फायर विभाग पूरी सतर्कता के साथ जांच-पड़ताल में जुटा है।
केमिकल फैक्ट्री के अंदर आग से हड़कंप
जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार के गांव इब्राहिमपुर में एक केमिकल प्लांट में रात करीब 9 बजे लगी भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया। आग इतनी भयानक है कि कई किलोमीटर दूर से ही धुएं का गुबार आसमान में उठता देखा जा सकता है। फैक्ट्री के अंदर मौजूद कैमिकल की वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। धू-धू कर जलती फैक्ट्री की लपटें इतनी तेज थी कि कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थी।
फैक्ट्री के अंदर रेस्क्यू जारी
इधर स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने के एक घंटे बाद भी फायर विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। आग लगने की घटना के दौरान फैक्ट्री के अंदर कुछ लोग मौजूद थे जिन्हें तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर सोमवार सुबह काबू पाया गया। तलाशी के दौरान एक शव बरामद हुआ है। फैक्ट्री के अंदर फंसे और मजदूरों की तलाश की जा रही है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 7 April 2025 at 09:22 IST