अपडेटेड 14 September 2023 at 10:11 IST
सनातन धर्म पर विवादित बयान को लेकर कम नहीं हो रही उदयनिधि स्टालिन की मुश्किलें, अब महाराष्ट्र में FIR
उदयनिधि स्टालिन के बयान को लेकर उनके खिलाफ मीरा रोड पुलिस स्टेशन में FIR हुई है। पुलिस की ओर से इसकी जानकारी दी गई।
सनातन धर्म पर दिए आपत्तिजनक विवाद को लेकर DMK नेता उदयनिधि स्टालिन की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही। विवादित बयान को लेकर अब उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ अब महाराष्ट्र में भी केस दर्ज हो गया है।
खबर में आगे पढ़ें...
- उदयनिधि के बयान पर बवाल जारी
- मीरा रोड पुलिस स्टेशन में दर्ज हुआ केस
- सनातन पर नहीं थम रहे विवादित बयान
उदयनिधि स्टालिन के बयान को लेकर उनके खिलाफ मीरा रोड पुलिस स्टेशन में FIR हुई है। पुलिस की ओर से इसकी जानकारी दी गई।
इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
मीरा रोड पुलिस की ओर से बताया गया कि डीएमके नेता और तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ उनकी 'सनातन धर्म' टिप्पणी को लेकर FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 153 ए और 295 ए के तहत मामला दर्ज किया है।
बता दें कि उदयनिधि स्टालिन ने बीते दिनों सनातन धर्म की तुलना डेंगू, मलेरिया से कर इसे खत्म करने की बात कही थी। इसके बाद उनकी टिप्पणी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। उदयनिधि को अपने विवादित बयान को लेकर चौतरफा आलोचना का सामना तो करना पड़ ही रहा है। साथ ही उनके खिलाफ केस दर्ज होने का सिलसिला भी जारी है। इससे पहले उनके खिलाफ दिल्ली और यूपी में भी केस दर्ज किया जा चुका है।
सनातन पर विवादित बयानों को लेकर सियासी बवाल
केवल उदयनिधि ही नहीं इस समय ऐसा लग रहा है कि मानो सनातन विरोध पर विवादित टिप्पणी करने का एक ट्रेंड ही चल रहा है। विपक्षी नेताओं के द्वारा एक के बाद एक सनातन धर्म पर विवादित बयान दिए जा रहे हैं। उदयनिधि के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे और कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा था कि जो धर्म समान अधिकार नहीं देता, वो बीमारी की तरह है। इसके बाद DMK नेता ए राजा तो इन सबसे दो कदम और आगे निकल गए। उन्होंने सनातन धर्म की तुलना HIV और कुष्ठ रोग से कर दी थी।
इन विवादित बयानों को लेकर लोकसभा चुनाव से पहले देश का सियासी पारा अपने चरम पर पहुंचा हुआ है। बयानों को लेकर BJP को ओर से विपक्ष घेरा जा रहा है। वह सवाल उठा रही है कि क्या विपक्षी गठबंधन की मंशा सनातन धर्म को खत्म करने की है और क्या इसी लिए ये दल एक साथ आए हैं?
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 14 September 2023 at 10:11 IST