अपडेटेड 11 February 2024 at 19:50 IST

Delhi chalo March: कीलें, कटीले तार, डिवाइडर, बैरिकेडिंग... किसानों को रोकने के लिए बना 'चक्रव्यूह'!

किसानों के 13 फरवरी को प्रस्तावित दिल्ली चलो मार्च से पहले हरियाणा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। किसानों को रोकने के लिए अंबाला पुलिस ने खास इंतजाम किए हैं।

Follow :  
×

Share


किसानों के मार्च से पहले अंबाला बॉर्डर सील किया गया। | Image: ANI

Ambala News: कीलें, कटीले तार, ऊंचे-ऊंचे सीमेंट डिवाइडर, बैरिकेडिंग... हरियाणा के अंबाला में इस तरह से बंदोबस्त किसानों को रोकने के लिए किए गए हैं। किसानों के 13 फरवरी को प्रस्तावित दिल्ली चलो मार्च से पहले हरियाणा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए हरियाणा पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है।

संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने 'दिल्ली चलो' मार्च की घोषणा की है। फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के संबंध में कानून बनाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव डालने के लिए 13 फरवरी को किसान दिल्ली कूच करने वाले हैं।

अंबाला के बॉर्डर पूरी तरह सील

फिलहाल अंबाला में पुलिस ने किसानों के निर्धारित 'दिल्ली चलो' मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी कर दी है। सीमाओं को एकदम से सील कर दिया गया है। अंबाला में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और एक साथ कई एसएमएस (संदेश) भेजने पर रोक लगा दी गई।

जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें देखा गया है कि पुलिस की तरफ से एक तरीके का चक्रव्यूह बनाया गया है, ताकि किसानों को दिल्ली की ओर बढ़ने से रोका जा सके। यही नहीं बीएसएफ और आरएएफ के जवानों को भी तैनात कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें: क्या फिर दिल्ली को घेरने वाले हैं किसान? गाजीपुर बॉर्डर पर बैरिकेडिंग, हरियाणा में मोबाइल सेवाएं बंद

डीसीपी अर्शदीप सिंह कहते हैं, 'किसान आंदोलन के कारण, हमने शंभू सीमा को सील कर दिया है। जब वे (किसान) यहां आएंगे, तो हम उनसे अनुरोध करेंगे कि वे इससे आगे ना जाएं, क्योंकि उनके पास इसकी अनुमति नहीं है। हम चाहते हैं कि वे शांतिपूर्वक आंदोलन समाप्त करें।'

हरियाणा के 7 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद

अंबाला के साथ-साथ हरियाणा के कुल 7 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद की गई है। एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, 11 फरवरी को सुबह 6 बजे से 13 फरवरी को रात 11.30 बजे तक अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।

मोबाइल इंटरनेट सेवाओं, एक साथ कई एसएमएस भेजने और सभी डोंगल सेवाओं को निलंबित करने का निर्णय इसलिए लिया गया क्योंकि प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर शांति भंग होने की आशंका थी।

यह भी पढ़ें: कब तक बचेंगे हल्द्वानी हिंसा के आरोपी? बरेली से दिल्ली तक पुलिस का जाल

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 11 February 2024 at 11:28 IST