अपडेटेड 18 March 2026 at 23:25 IST
EPFO पेंशन क्लेम रिजेक्शन से कैसे बचें? आवेदन देने से पहले जान लें ये जरूरी बात, ये गलती पड़ सकती है भारी
EPFO Pension Claim Tips: क्या आपका EPFO पेंशन क्लेम बार-बार रिजेक्ट हो रहा है? अक्सर छोटी सी मानवीय गलती आपकी मेहनत की कमाई को अटका सकती है। जान लें ये जरूरी टिप्स...
EPFO Pension Claim Tips: नौकरीपेशा लोगों के लिए उसकी रिटायरमेंट की सबसे बड़ी पूंजी EPF और पेंशन EPS होती है। हर महीने आपकी सैलरी का एक हिस्सा भविष्य की सुरक्षा के लिए कटता है, ताकि बुढ़ापे में सहारा मिल सके। लेकिन अक्सर देखा गया है कि जब लोग रिटायरमेंट के बाद या जरूरत के वक्त पेंशन क्लेम करते हैं, तो उनका आवेदन रिजेक्ट हो जाता है।
यह स्थिति मानसिक और आर्थिक दोनों तरह से परेशान करने वाली होती है। ज्यादातर मामलों में क्लेम रिजेक्ट होने की वजह कोई बड़ा नियम नहीं, बल्कि हमारी छोटी-छोटी लापरवाहियां होती हैं। हालांकि अगर आप आवेदन करने से पहले कुछ बुनियादी बातों की जांच कर लें, तो आपका पैसा बिना किसी रुकावट के सीधे आपके खाते में आ सकता है।
आवेदन फॉर्म भरने में सावधानी जरूरी
EPFO पेंशन क्लेम खारिज होने का सबसे पहला और आम कारण है आवेदन फॉर्म में गलत जानकारी देना। कई बार लोग जल्दबाजी में अपना बैंक अकाउंट नंबर, IFSC कोड या सर्विस पीरियड गलत भर देते हैं। EPFO का सिस्टम इन जानकारियों का मिलान बहुत बारीकी से करता है। अगर फॉर्म में एक भी कॉलम अधूरा छूटा या जानकारी गलत हुई, तो सिस्टम उसे तुरंत रिजेक्ट कर देता है।
दस्तावेजों और रिकॉर्ड का अलग होना
पेंशन क्लेम अटकने की एक बड़ी वजह 'मिसमैच' यानी जानकारी का अलग-अलग होना है। अक्सर लोगों के आधार कार्ड पर नाम या जन्मतिथि कुछ और होती है और EPFO के रिकॉर्ड में कुछ और। इसके अलावा, बैंक खाते में नाम की स्पेलिंग भी EPF रिकॉर्ड से अलग हो सकती है। अगर आपके आधार, बैंक पासबुक और यूएएन में जानकारी एक समान नहीं है, तो आपका क्लेम पास होना नामुमकिन है।
सही सर्विस रिकॉर्ड जरूरी
पेंशन पाने के लिए कम से कम 10 साल की योग्य सेवा अवधि अनिवार्य है। कई बार नियोक्ता (कंपनी) की ओर से EPF योगदान में देरी की जाती है या सर्विस रिकॉर्ड में गैप आ जाता है। यदि आपके सर्विस हिस्ट्री में कोई विसंगति है या कंपनी ने पीएफ का पैसा जमा करने में कोताही बरती है, तो पेंशन क्लेम में दिक्कत आ सकती है। इसके लिए जरूरी है कि आप समय-समय पर अपनी पासबुक चेक करते रहें और अगर कोई कमी दिखे तो तुरंत अपनी कंपनी के HR विभाग से संपर्क कर उसे ठीक करवाएं।
नॉमिनेशन और मृत्यु के बाद क्लेम
दुर्भाग्यवश यदि किसी सदस्य की मृत्यु हो जाती है, तो उनके परिवार को पेंशन क्लेम करने के लिए कुछ विशेष दस्तावेजों की जरूरत होती है। ऐसे मामलों में डेथ सर्टिफिकेट, कानूनी वारिस का प्रमाण और नॉमिनी की सही जानकारी होना अनिवार्य है। अगर EPF खाते में ई-नॉमिनेशन पहले से अपडेट नहीं है, तो परिवार को दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ सकते हैं। डिजिटल दौर में ई-नॉमिनेशन की प्रक्रिया बहुत सरल है, इसे आज ही पूरा कर लें ताकि भविष्य में आपके परिवार को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 18 March 2026 at 23:25 IST