UP: पड़ोसी खटखटाते रहे पर नहीं खुला दरवाजा, सोते समय घर में लगी भीषण आग; बुजुर्ग पति-पत्‍नी की मौत, भागने तक का नहीं मिला मौका

यूपी के हाथरस में एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से सो रहे बुजुर्ग पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। मकान से आग की लपटें देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

 
Follow :
UP: पड़ोसी खटखटाते रहे पर नहीं खुला दरवाजा, सोते समय घर में लगी भीषण आग; बुजुर्ग पति-पत्‍नी की मौत, भागने तक का नहीं मिला मौका | Image: X

यूपी के हाथरस में एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से सो रहे बुजुर्ग पति-पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई। मकान से आग की लपटें देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बुरी तरह झुलसे दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना के बाद पूरे मोहल्‍ले में मातम का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब दो बजे हुआ। मोहल्ला कहारान निवासी 70 वर्षीय शहजाद पुत्र मुन्ना कपड़ों की सिलाई का काम करते थे। वह अपनी 65 वर्षीय पत्नी सलमा बेगम के साथ मकान में रहते थे। बुधवार रात भोजन करने के बाद दोनों सोने चले गए। उनका छोटा बेटा भी उनके साथ रहता है, लेकिन वह परिवार के साथ ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। अन्य बच्चे अलग रहते हैं।

आग ऐसे फैला कि बचने का भी समय नहीं मिला

बताया गया है कि रात करीब दो बजे अज्ञात कारणों से मकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में सो रहे वृद्ध दंपती आग के बीच फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। आग की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। तीनों टीमों ने मिलकर आग बुझाने और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक वृद्ध दंपती की मौत हो चुकी थी।

सडीआरएफ अधिकारी रजत कुमार ने बताया कि उनकी टीम वृंदावन में ड्यूटी पर थी। सादाबाद में मकान में आग लगने की सूचना मिलते ही वह जवानों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मकान में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसे के बाद मोहल्ले में शोक का माहौल है।

इसे भी पढ़ें- न्‍यूड डांस, प्राइवेट तस्‍वीरें, लिपस्टिक वाली फैंटसी और...मॉडल श्रद्धा की हैवानियत जान सन्न रह जाएंगे आप, शिवा के साथ 'मौत वाली रात' क्‍या हुआ?
 

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 5 November 2026 at 11:04 IST