अपडेटेड 10 December 2024 at 22:26 IST

सर्दियों की मांग, बांग्लादेश जैसे देशों को निर्यात से अंडे की कीमतों में उछाल

सर्दियों की मांग और बांग्लादेश जैसे देशों को हाल ही में निर्यात बढ़ने के बीच कोलकाता के बाजार में अंडे की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।

Follow :  
×

Share


Eggs | Image: Shutterstock

Kolkata: सर्दियों की मांग और बांग्लादेश जैसे देशों को हाल ही में निर्यात बढ़ने के बीच कोलकाता के बाजार में अंडे की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। यहां अंडे का दाम साढ़े छह रुपये से बढ़कर आठ रुपये हो गया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

हालांकि, एक पॉल्ट्री उद्योग निकाय ने कहा है कि इस तेजी का प्राथमिक कारण बांग्लादेश को निर्यात बढ़ना नहीं है, क्योंकि यह देश भारत के पारंपरिक निर्यात बाजारों में से नहीं है। पश्चिम बंगाल पॉल्ट्री फेडरेशन ने कीमतों में बढ़ोतरी के लिए सर्दियों की मांग, मुर्गीदाने की बढ़ती लागत और बांग्लादेश और मलेशिया जैसे देशों को निर्यात बढ़ने को जिम्मेदार ठहराया, जो भारत के लिए नए बाजार हैं।

पांच करोड़ अंडे का निर्यात ऑर्डर 

नवंबर और दिसंबर के लिए बांग्लादेश और मलेशिया से करीब पांच करोड़ अंडे का निर्यात ऑर्डर है। फेडरेशन के महासचिव मदन मोहन मैती ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘अंडे की कीमतें पश्चिम बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश में बढ़ी हैं। हालांकि, खुदरा कीमतें 7.5 रुपये प्रति अंडा से अधिक नहीं होनी चाहिए, क्योंकि थोक दर 6.7 रुपये प्रति अंडा है। देश में अंडों की कोई कमी या संकट नहीं है।’’

'सर्दियों में बढ़ जाती हैं अंडे की कीमतें'

स्थानीय व्यापारियों ने कहा कि सर्दियों में अंडे की कीमतें बढ़ जाती हैं, लेकिन इस मौसम में उछाल तेज है। मैती ने कहा, ‘‘इस मुद्दे का मूल कारण मक्का की कमी है। हमें मक्का का उत्पादन कम से कम 40 प्रतिशत बढ़ाने या मुफ्त आयात की अनुमति देने की आवश्यकता है। एथनॉल संयंत्रों से मक्का की मांग बढ़ी है।’’

अंडे के आयात के लिए बांग्लादेश ने किया भारत का रुख 

यह पूछे जाने पर कि क्या निर्यात बढ़ना भी बाकी कारणों में से एक है, मैती ने कहा कि मलेशिया और बांग्लादेश ने नवंबर और दिसंबर के लिए मिलाकर पांच करोड़ अंडे का ऑर्डर दिया था, लेकिन अबतक दो करोड़ से ज़्यादा अंडे निर्यात नहीं किए गए हैं। बांग्लादेश सरकार ने सितंबर से ही अपने बढ़ते घरेलू मूल्य को स्थिर करने के लिए अंडे के आयात के लिए भारत का रुख किया है।

कहां से आते है निर्यात किए जाने वाले अंडे?

बंगाल से अंडे मुख्य रूप से पेट्रापोल-बेनापोल सीमा के ज़रिये निर्यात किए जाते हैं। हालांकि, मैती ने स्पष्ट किया कि निर्यात किए जाने वाले ज़्यादातर अंडे बंगाल से नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से आते हैं। ओमान, मालदीव, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत और कतर भारतीय अंडों के लिए शीर्ष पांच बाज़ार बने हुए हैं, साथ ही कई अन्य देश भारत से आयात करते हैं।

यह भी पढ़ें: पत्नी संग अवैध संबंध का शक, नशे में धुत युवक ने पड़ोसी के प्राइवेट पार्ट पर कई बार घोंपा चाकू फिर...


 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 10 December 2024 at 22:26 IST