अपडेटेड 20 March 2026 at 21:40 IST
UPTET-2026 Notification: उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए शिक्षक बनने का सुनहरा मौका, इस दिन से शुरू होगा आवेदन, जानें अन्य डिटेल
UPESSC UPTET 2026 Notification: यूपी शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आयोग ने प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) के लिए परीक्षा का विज्ञापन 20 मार्च 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया है।
UPESSC UPTET 2026 Dates Notification:उत्तर प्रदेश में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) द्वारा उ0प्र0 शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया गया है, जो आयोग की वेबसाइट पर आज यानी 20 मार्च 2026 से उपलब्ध भी करा दिया गया है। यहां आप इससे परीक्षा से संबंधित अधिक जानकारी देख सकते हैं।
प्राथमिक और उच्च प्राथमिक के लिए करें आवेदन
बता दें, इस बार की परीक्षा में प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) दोनों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार लगातार शिक्षा क्षेत्र में सुधार और युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में UPTET-2026 को समयबद्ध तरीके से आयोजित कर प्रदेश में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को गति देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।
फर्जीवाड़े पर रोक के लिए OTR व्यवस्था लागू
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि योगी सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुव्यवस्थित और अभ्यर्थी हितैषी बनाने के उद्देश्य से इस बार वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) व्यवस्था लागू की है। अब अभ्यर्थियों को पहले OTR पूरा करना होगा, उसके बाद ही वे UPTET-2026 के लिए आवेदन कर सकेंगे। इस व्यवस्था से फर्जीवाड़े पर रोक लगेगी और भर्ती प्रक्रिया में तेजी आएगी।
परीक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण तिथि
उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 27 मार्च 2026 से शुरू होकर 26 अप्रैल 2026 तक चलेगी। वहीं अभ्यर्थियों को 1 मई 2026 तक आवेदन पत्र में संशोधन और शुल्क संबंधित समस्याओं के समाधान का अवसर दिया जाएगा। परीक्षा का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई 2026 को प्रस्तावित है।
आयोग का फोकस योग्य और प्रशिक्षित शिक्षकों की नियुक्ति से प्रदेश की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करना है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध विस्तृत विज्ञापन और निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़कर ही आवेदन करें, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचा जा सके।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 20 March 2026 at 21:40 IST