अपडेटेड 6 March 2026 at 17:29 IST
'आपके भतीजे ने प्रांत का नाम रोशन कर दिया...', BJP नेता के बेटे ने IAS परीक्षा में हासिल की 3rd रैंक, तो CM नायब ने मिला दिया फोन- VIDEO VIRAL
UPSC Result 2025 : यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में हरियाणा के आकांश ढुल ने ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल की है। उनके पिता कृष्ण ढुल BJP नेता हैं। इस खुशी के मौके पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवार को फोन कर बधाई दी है।
UPSC Result: यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन (UPSC) ने सिविल सर्विसेज परीक्षा (CSE) के फाइनल रिजल्ट्स घोषित कर दिए हैं। अंतिम परिणाम में हरियाणा के होनहार युवा आकांश ढुल ने पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। यह उपलब्धि न केवल ढुल परिवार के लिए गौरव का क्षण है, बल्कि हरियाणा के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी हुई है।
आकांश के पिता कृष्ण ढुल BJP नेता हैं। बेटे की इस कामयाबी पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने व्यक्तिगत रूप से फोन कर बधाई दी, जिससे परिवार में इस उपलब्धि की खुशी दो गुनी हो गई। आकांश ढुल पंचकूला के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से इस प्रतिष्ठित परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया।
UPSC सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें लाखों अभ्यर्थी भाग लेते हैं, लेकिन सफलता केवल कुछ सौ को ही नसीब होती है। आकांश ने प्रीलिम्स, मेन्स और इंटरव्यू के बाद आए रिजल्ट में तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। उनके पिता कृष्ण ढुल हरियाणा BJP के सक्रिय नेता हैं। उन्होंने बताया कि बेटे की इस सफलता पर पूरा परिवार अभिभूत है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आया फोन
बेटे की कामयाबी पर कृष्ण ढुल ने कहा कहा कि "यह मेरी जिंदगी का सबसे सुखद पल है। आकांश ने न केवल परिवार का मान बढ़ाया है, बल्कि हरियाणा के युवाओं को दिखाया है कि दृढ़ संकल्प से कोई लक्ष्य असंभव नहीं।" मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोन पर आकांश को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि राज्य सरकार हमेशा ऐसे प्रतिभावान युवाओं का साथ देगी। उन्होंने आकांश को भविष्य में सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने का आशीर्वाद दिया।
अनुज अग्निहोत्री बने टॉपर
सिविल सर्विसेज के फाइनल एग्जाम में 958 उम्मीदवार सफल हुए हैं। इनमें सामान्य वर्ग से 317, EWS से 104, OBC 306, SC 158 और ST से 73 उम्मीदवारों के नाम हैं। सिविल सेवा परीक्षा में इस बार पहला स्थान अनुज अग्निहोत्री ने हासिल किया है। अनुज राजस्थान के छोटे से गांव रावतभाटा के रहने वाले हैं। दूसरा स्थान राजेश्वरी सुवे, तीसरा स्थान अकांक्ष, चौथा स्थान राघव झुनझुनवाला और पांचवां स्थान इशान भटनागर ने हासिल किया है।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 6 March 2026 at 17:29 IST