Shikshak Bharti 2026: इस राज्य के सरकारी स्कूलों में निकली बंपर भर्ती, 11000 पदों के लिए इस दिन से शुरू हो जाएगा आवेदन, ऐसे करें अप्लाई
Shikshak Bharti 2026: शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए गुजरात सरकार ने प्राथमिक स्कूलों में 11,000 शिक्षकों की भर्ती का ऐलान किया है। 15 अप्रैल से आवेदन शुरू होंगे।
Shikshak Bharti 2026: गुजरात के सरकारी स्कूलों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने के लिए सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। राज्य के शिक्षा विभाग ने जिला और नगर प्राथमिक शिक्षा समितियों के तहत लगभग 11,000 प्राथमिक शिक्षकों की भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस घोषणा के बाद उन अभ्यर्थियों में खुशी की लहर है जो पिछले काफी समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे थे।
पदों का विवरण और भर्ती की पृष्ठभूमि
इस भर्ती अभियान के तहत भरे जाने वाले 11,000 पदों का गणित काफी दिलचस्प है। इसमें से करीब 5,000 पद ऐसे हैं जो साल 2025 से खाली चल रहे थे, जबकि 6,000 नए पदों को साल 2026 के शैक्षणिक सत्र के लिए मंजूरी दी गई है। ये सभी नियुक्तियां मुख्य रूप से गुजराती माध्यम के सरकारी स्कूलों में की जाएंगी, जहां चयनित शिक्षकों को कक्षा 1 से लेकर कक्षा 5 तक के छोटे बच्चों को पढ़ाने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती की पात्रता को लेकर विभाग ने स्पष्ट नियम बनाए हैं। इस प्रक्रिया में केवल वही उम्मीदवार हिस्सा ले सकते हैं जिन्होंने शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी TET-1 पास की हो। एक राहत भरी बात यह भी है कि जो छात्र अभी डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (DElEd) के आखिरी साल में पढ़ाई कर रहे हैं, उन्हें भी आवेदन करने की छूट दी गई है।
वर्तमान शिक्षकों के तबादले के लिए भी सुविधा
नई भर्ती के साथ-साथ सरकार ने पहले से काम कर रहे शिक्षकों का भी ध्यान रखा है। जो शिक्षक वर्तमान में जिला या नगर शिक्षा समितियों के तहत सेवा दे रहे हैं और अपना ट्रांसफर करवाना चाहते हैं, उनके लिए भी पोर्टल खोला जाएगा। इच्छुक शिक्षक 21 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच अपने स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। इससे पुराने शिक्षकों को अपनी पसंद के जिले या स्थान पर जाने का मौका मिल सकेगा।
आवेदन की जरूरी तारीखें
शिक्षक बनने के इच्छुक उम्मीदवार 15 अप्रैल 2026 से आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की आखिरी तारीख 24 अप्रैल 2026 तय की गई है। फॉर्म भरने के बाद उम्मीदवारों को अपने डॉक्यूमेंट्स तय किए गए केंद्रों पर जाकर वेरिफाई करवाने होंगे। इस पूरी भर्ती में कोई अलग से परीक्षा नहीं होगी, बल्कि चयन पूरी तरह से मेरिट लिस्ट के आधार पर किया जाएगा। मेरिट में आने वाले उम्मीदवारों को उनके अंकों के हिसाब से जिले आवंटित किए जाएंगे।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 8 April 2026 at 18:54 IST