अपडेटेड 6 February 2026 at 18:18 IST
Sarkari Naukri 2026: RBI में अधिकारी बनने का सुनहरा मौका, आवेदन के लिए ये है योग्यता; जानिए लास्ट डेट
Sarkari Naukri 2026: RBI ने साल 2026 के लिए ग्रेड-A और ग्रेड-B स्तर के विशेषज्ञ अधिकारियों की भर्ती का विज्ञापन जारी किया है। कुल 21 पदों पर होने वाली इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज 6 फरवरी से शुरू हो गई है।
Sarkari Naukri 2026: बैंकिंग क्षेत्र में नौकरी करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) एक बेहतरीन मौका लेकर आया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने ग्रेड-A और ग्रेड-B के लिए भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस भर्ती अभियान के माध्यम से लीगल ऑफिसर, टेक्निकल मैनेजर और असिस्टेंट मैनेजर जैसे महत्वपूर्ण पदों को भरा जाएगा।
इसके लिए इच्छुक उम्मीदवार आज 6 फरवरी 2026 से ही कर सकते हैं। वहीं आवेदन की अंतिम तिथि 26 फरवरी 2026 रखी गई है। इसमें अप्लाई करने के लिए आपको rbi.org.in पर जाना होगा।
पदों की संख्या और अन्य डिटेल
इस भर्ती के तहत कुल 21 पदों को भरा जाएगा, जो अलग-अलग विभागों और विशेषज्ञताओं में विभाजित हैं। ग्रेड-B स्तर पर लीगल ऑफिसर के 6 पद, मैनेजर (टेक्निकल-सिविल) के 2 पद और मैनेजर (टेक्निकल-इलेक्ट्रिकल) के 1 पद पर नियुक्ति की जाएगी। वहीं ग्रेड-A स्तर पर असिस्टेंट मैनेजर (राजभाषा) के 4 पद और असिस्टेंट मैनेजर (प्रोटोकॉल और सुरक्षा) के 8 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
RBI ने प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग पात्रता मापदंड निर्धारित किए हैं। लीगल ऑफिसर (ग्रेड-B) के लिए अभ्यर्थी के पास 50% अंकों के साथ लॉ में बैचलर्स डिग्री और 2 वर्ष का अनुभव होना चाहिए, जबकि आयु 21 से 32 वर्ष के बीच होनी चाहिए। टेक्निकल मैनेजर पदों के लिए संबंधित इंजीनियरिंग ब्रांच में 60% अंकों के साथ बी.ई./बी.टेक और 3 साल का अनुभव अनिवार्य है, जिसकी आयु सीमा 21 से 35 वर्ष है।
राजभाषा विभाग के असिस्टेंट मैनेजर के लिए हिंदी में मास्टर डिग्री आवश्यक है, जबकि प्रोटोकॉल और सुरक्षा पद के लिए सशस्त्र बलों में 10 वर्ष की कमीशंड सेवा का अनुभव रखने वाले 25 से 40 वर्ष के उम्मीदवार पात्र होंगे।
क्या होगी चयन प्रक्रिया?
RBI में इन पदों पर चयन के लिए उम्मीदवारों को दो मुख्य चरणों से गुजरना होगा। पहले चरण में एक ऑनलाइन लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जो कि 14 मार्च 2026 को प्रस्तावित है। इसके बाद चयनित अभ्यर्थियों को अगले चरण में यानी व्यक्तिगत साक्षात्कार (Interview) के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
इन पदों पर कोई भी ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। चयन प्रक्रिया पूरी तरह से मेरिट और पेशेवर अनुभव पर आधारित होगी।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 6 February 2026 at 18:18 IST