अपडेटेड 10 March 2026 at 20:19 IST
Sarkari Naukri 2026: 10वीं पास युवाओं के लिए भारतीय नौसेना में भर्ती का मौका, अग्निवीर INET 2026 के लिए नोटिफिकेशन जारी
Sarkari Naukri 2026: भारतीय नौसेना ने अग्निवीर SSR और MR के विभिन्न बैचों के लिए भर्ती का ऐलान किया है। इसके लिए आवेदन प्रक्रिया 14 मार्च 2026 से शुरू होगी।
Sarkari Naukri 2026: भारतीय नौसेना का हिस्सा बनकर देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। नौसेना ने अग्निवीर (INET) 2026 भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दी है। यह भर्ती अग्निवीर SSR (सीनियर सेकेंडरी रिक्रूट) और MR (मैट्रिक रिक्रूट) के कई बैचों के लिए निकाली गई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 14 मार्च 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। यह उन युवाओं के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो कम उम्र में एक अनुशासित और गौरवशाली करियर की शुरुआत करना चाहते हैं।
पात्रता और शैक्षणिक योग्यता
नौसेना ने अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की हैं।
- अग्निवीर (SSR): इस पद के लिए उम्मीदवार का गणित और भौतिकी विषयों के साथ 10+2 (इंटरमीडिएट) पास होना अनिवार्य है, जिसमें कम से कम 50% अंक हों। 3 वर्षीय इंजीनियरिंग डिप्लोमा वाले युवा भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
- अग्निवीर (MR): यदि आपने किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 50% अंकों के साथ 10वीं (मैट्रिक) परीक्षा उत्तीर्ण की है, तो आप इस पद के लिए पात्र हैं।
- SSR (मेडिकल): विशेष रूप से मेडिकल शाखा के लिए, भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान (PCB) के साथ 12वीं पास होना जरूरी है, जिसमें प्रत्येक विषय में कम से कम 40% अंक होना अनिवार्य है।
चयन प्रक्रिया
नौसेना में अग्निवीर बनने के लिए उम्मीदवारों को एक कठिन लेकिन पारदर्शी चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। सबसे पहले INET नाम की एक कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के लिए बुलाया जाएगा, जिसमें शारीरिक फिटनेस टेस्ट (PFT) शामिल है।
फिटनेस टेस्ट में 1.6 किमी की दौड़, पुश-अप्स और सिट-अप्स जैसे टास्क पूरे करने होंगे। इसके बाद एक और लिखित परीक्षा और अंत में विस्तृत मेडिकल जांच की जाएगी। अंतिम चयन सूची दूसरे चरण की लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी।
वेतन और सेवा निधि
अग्निवीर योजना के तहत चयनित उम्मीदवारों को चार वर्षों के लिए सेवा का मौका मिलेगा। पहले साल में 30,000 रुपये प्रति माह का वेतन दिया जाएगा, जो चौथे साल तक बढ़कर 40,000 रुपये हो जाएगा। खास बात यह है कि वेतन का 30% हिस्सा 'अग्निवीर कोष' में जमा होगा, जिसमें उतनी ही राशि सरकार भी अपनी ओर से मिलाएगी। चार साल की सेवा पूरी होने के बाद, अग्निवीरों को एक मुश्त 'सेवा निधि' पैकेज दिया जाएगा, जो उनके भविष्य की नई शुरुआत के लिए मददगार साबित होगा।
कैसे करें आवेदन?
आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवार भारतीय नौसेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।
- इसके लिए सबसे पहले joinindiannavy.gov.in पर जाएं।
- होमपेज पर Agniveer/INET 2026 Recruitment के लिंक पर क्लिक करें।
- अगर पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं किया है तो 'New Registration' के जरिए अपनी बेसिक जानकारी भरनी होगी।
- इसके बाद लॉग-इन करके आप अपना आवेदन फॉर्म भर सकते हैं, जहां आपको जरूरी डॉक्यूमेंट्स, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करने होंगे।
- आवेदन के लिए 550 रुपये (प्लस 18% GST) का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।
- फॉर्म भरने के बाद उसकी एक कॉपी अपने पास सुरक्षित जरूर रखें।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 10 March 2026 at 20:19 IST