अपडेटेड 3 August 2025 at 21:07 IST

एक डॉक्‍टर ऐसा भी था...मात्र 2 रुपए लेते थे फीस, पैसा नहीं तो दवा भी दे देते थे फ्री; 80 की उम्र में हुआ निधन तो सीएम ने जताया शोक

केरल के कन्नूर में प्रसिद्ध ‘दो रुपए वाले डॉक्टर’ एके रायरू गोपाल का निधन हो गया है, वह गरीब मरीजों का मात्र दो रुपए में इलाज करते थे।

Follow :  
×

Share


डॉक्टर एके रायरू गोपाल का निधन | Image: @ranjith4bjp

Doctor AK Rairu Gopal no more: केरल के कन्नूर में एक प्रसिद्ध डॉक्टर और समाजसेवक डॉक्टर एके रायरू गोपाल का निधन हो गया। वह 80 साल के थे और पिछले 5 दशक से अपने क्लीनिक में मात्र 2 रुपए में हजारों गरीब मरीजों का इलाज करते रहे। डॉक्टर गोपाल के परिवार से जुड़े सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर गोपाल अपने निवास 'लक्ष्मी' में ही बने क्लीनिक में हर रोज मरीजों को देखते थे।

उनका क्लीनिक सुबह 4 बजे शुरू हो जाता और शाम चार बजे तक चलता रहता, हर रोज सैकड़ों की संख्या में मरीज आते और डॉक्टर गोपाल उन्हें मात्र दो रुपए में इलाज करते थे। डॉक्टर गोपाल की सेवा का भाव ऐसा था कि जिन मरीजों के पास दवा खरीदने के पैसे नहीं होते, उन्हें भी दवा दे देते थे। वह गरीब मरीजों के लिए एक बड़ी राहत थे, उनके जाने के बाद क्षेत्र के लोगों को गहरा दुख हैं।

चिकित्सा एक सेवा है, व्यवसाय नहीं

डॉक्टर गोपाल को राज्य के सर्वश्रेष्ठ फैमिली डॉक्‍टर के लिए आईएमए पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्‍हें मई 2024 में गिरते स्वास्थ्य के कारण अपना क्लिनिक बंद करना पड़ा था, जिसके कारण उनके मरीज बहुत ही दुखी हुए थे। पय्यम्बलम में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां समुदाय ने एक ऐसे व्यक्ति को विदाई दी जिसने यह साबित कर दिया कि चिकित्सा एक सेवा है, व्यवसाय नहीं।

सीएम ने जताया शोक 

केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी ‘जनता का डॉक्टर’ के नाम से मशहूर चिकित्सक रायरू गोपाल के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि आधी सदी से वह अपनी परामर्श सेवा के लिए केवल 2 रुपए ही लेते रहे। लोगों की सेवा करने की उनकी इच्छा गरीब मरीजों के लिए एक बड़ी राहत थी। चिकित्सक का अंतिम संस्कार दोपहर में पय्यम्बलम में किया गया। उनकी मृत्यु से क्षेत्र के लोगों को गहरा दुख हुआ है और उन्हें हमेशा एक सच्चे समाजसेवक के रूप में याद रखा जाएगा।

यह भी पढ़ें : शरीर पर चोटों के निशान, प्राइवेट पार्ट से ब्‍लड; नाबालिग साले संग कुकर्म

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 3 August 2025 at 21:07 IST