अपडेटेड 22 March 2024 at 10:51 IST
दिल्ली का ये मेट्रो स्टेशन शाम 6 बजे तक रहेगा बंद! दिल्ली पुलिस की सलाह पर फैसला...जानें वजह क्या?
दिल्ली पुलिस की सलाह पर डीएमआरसी ने आईटीओ मेट्रो स्टेशन को बंद रखने का फैसला सुनाया है। आखिर क्यों?
DMRC Post: मेट्रो यात्रियों के लिए जरूरी सूचना डीएमआरसी की ओर से जारी की गई है। इसके मुताबिक आईटीओ मेट्रो स्टेशन आज बंद रहेगा। एक्स पर लोगों को सूचित किया गया है कि दिल्ली पुलिस की सलाह पर आईटीओ स्टेशन को सुबह से शाम 6 बजे तक बंद रखा जाएगा। मेट्रो आईटीओ स्टेशन से तो गुजरेगी लेकिन वहां पर न तो यात्री उतर पाएंगे और न ही चढ़ पाएंगे।
DMRC ने बताया है कि आईटीओ मेट्रो स्टेशन आज यानि 22 मार्च 2024 को सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक बंद रहेगा। इसका सुझाव दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर दिया है। इतना ही नहीं आईटीओ इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया। इस बीच दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने भी एडवायजरी जारी की है।
सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई, RAF तैनात
दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। आईटीओ इलाके में मौजूद आप दफ्तर के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स तैनात कर दी गई है। ट्रैफिक पुलिस ने भी लोगों को खास ताकीद दी है। ताजा अपडेट के मुताबिक विशेष व्यवस्था के कारण कृष्ण मेनन मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, जनपथ, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड पर यातायात प्रभावित रह सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को अगली सूचना तक इन रास्तों से बचने की सलाह दी गई है। ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गुरुवार शाम को शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में उनके आवास से गिरफ्तार किया और एजेंसी के मुख्यालय ले गई। इसी के चलते केजरीवाल के घर और बीजेपी दफ्तर की तरफ जाने वाले रास्तों को ऐतिहातन बंद कर दिया गया है। इसका असर आज दिनभर ट्रैफिक पर पड़ सकता है।
वजह आखिर क्या?
आईटीओ मेट्रो स्टेशन से लगते दीन दयाल उपाध्याय मार्ग पर आम आमदी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी का ऑफिस है। आम आमदी पार्टी के नेताओं ने बीजेपी HQ पर आज प्रदर्शन का ऐलान किया। इसकी वजह अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी है। दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय ने 21 मार्च की रात को दिल्ली आबकारी मामले में सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार करने से पहले ईडी 10वां समन लेकर सीएम के आवास पर पहुंची थी। सीएम से दो घंटे से ज्यादा देर तक पूछताछ के बाद ईडी ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तारी करने की सूचना दी। उसके बाद ईडी सीएम को अपने दफ्तर ले गई। उनकी रात ईडी लॉकअप में गुजरी तो कंबल और दवाइयां घर से मंगवाई गई। दूसरी तरफ ईडी की इस कार्रवाई के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने बीती रात ही दिल्ली के सीएम की गिरफ्तारी के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर तत्काल सुनवाई की मांग की। आज शीर्ष अदालत इस मसले पर दोपहर ढाई बजे के करीब सुनवाई करेगी।
आप ने लगाया षड्यंत्र का आरोप, भाजपा बोली-ये होना ही था
इस बीच आम आदमी पार्टी ने गिरफ्तारी को साजिश के तहत की गई कार्रवाई बताई। दिल्ली सरकार में मंत्री आतिशी ने कहा- बीजेपी दरअसल विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। ये लोकसभा चुनाव में सेंध लगाने का प्रयास है। हेमंत सोरेन को गिरफ्तार किया गया, कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए गए और अब अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया गया... सिटिंग मुख्यमंत्री को ईडी की हिरासत में सुरक्षा देने की जरूरत है। इस बारे में केंद्र सरकार हमें बताएं... सुप्रीम कोर्ट ने कई बार कहा है कि वह लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे। हमें लगता है कि सुप्रीम कोर्ट भी ऐसा ही करेगा।
वहीं भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। नई दिल्ली से भाजपा उम्मीदवार ने इसे बेतुका करार दिया। बोलीं- ईडी अरविंद केजरीवाल को आने और जांच में सहयोग करने के लिए कह रही है। लेकिन वो अलग-अलग बहाने बनाते रहे और 10 दिवसीय विपासना कार्यशाला में चले गए। अरविंद केजरीवाल केजरीवाल ने खुद यह स्थिति पैदा की है... इन सबका चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है।''
Published By : Kiran Rai
पब्लिश्ड 22 March 2024 at 10:43 IST