'तमिलनाडु के 3 साल के संघर्ष की एक बड़ी जीत...', परिसीमन बिल पर DMK ने किया केंद्र को समर्थन देने का ऐलान, स्टालिन बोले- हमारी मांगों का रखा ख्याल
डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन करेगी। उनके अनुसार, जिन दो मांगों को लेकर डीएमके ने परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में शामिल कर लिया गया है।
- भारत
- 3 min read
DMK Will Support Delimitaion Bill: परिसीमन विधेयक को लेकर अब तक केंद्र सरकार का विरोध कर रही डीएमके ने परिसीमन के समर्थन का ऐलान कर दिया है। पार्टी प्रमुख एमके स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी इस विधेयक का समर्थन करेगी।
स्टालिन के मुताबिक, इसमें उन दो मांगों को लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है, जिसका विरोध करते हुए डीएमके ने मांगे रखी थी। निष्पक्ष परिसीमन की मांगों को शामिल किया गया है।
हमारी मांगें पूरी हुईं- एमके स्टालिन
एमके स्टालिन ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'DMK उस विधेयक का समर्थन करती है जिसमें #FairDelimitation (निष्पक्ष परिसीमन) की मांगों को शामिल किया गया है। जिन दो मांगों को लेकर हमने पिछले अप्रैल में परिसीमन विधेयक का विरोध किया था, उन्हें नए विधेयक में लिखित रूप से शामिल कर लिया गया है।'
'परिसीमन बिल को चूक गए तो क्या होगा'
उन्होंने इसे 2024 से DMK द्वारा चलाए जा रहे निरंतर संघर्षों की जीत बताते हुए कहा, 'यह तमिलनाडु सहित सभी दक्षिणी राज्यों की जीत है! हमें बिना भावुक हुए शांति से इस बात पर विचार करना चाहिए कि अगर हम इस परिसीमन बिल को चूक गए तो क्या होगा; इस बिल में 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों में निर्वाचन क्षेत्रों की संख्या में 50% की वृद्धि करने का प्रावधान है।'
‘तमिलनाडु के हित में है परिसीमन’
स्टालिन ने अपने पोस्ट के अंत में कहा, 'इन सभी मुद्दों की अच्छी तरह से जांच करने के बाद डीएमके ने आज सांसदों की बैठक में परिसीमन का इस रूप में समर्थन करने का फैसला किया है।' उन्होंने इसे व्यावहारिक रूप से संभव और तमिलनाडु के हित में बताया।
30 नवंबर से शुरू होगा विशेष सत्र
गौरतलब है कि संसद का विशेष सत्र सोमवार 30 नवंबर से शुरू होने जा रहा है, लेकिन इससे पहले ही विपक्षी खेमे में मतभेद उभरते नजर आ रहे हैं। आगामी रणनीति पर चर्चा के लिए बुलाई गई 'इंडी' गठबंधन के नेताओं की बैठक से NCP-SCP की नेता सुप्रिया सुले ने दूरी बना ली। उन्होंने शरद पवार की तबीयत का हवाला देते हुए कहा कि वो दिल्ली जाने के चलते बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगी। हालांकि, सुप्रिया सुले ने यह जरूर कहा था कि उनकी पार्टी के अन्य नेता बैठक में हिस्सा लेंगे, लेकिन सूत्रों के मुताबिक एनसीपी (SP) इस बैठक में शामिल नहीं हुई।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 28 November 2026 at 14:17 IST