अपडेटेड 27 January 2025 at 16:20 IST

सैफ अली खान पर हमले की कहानी में कोई झोल? उठे सवाल, तो CM फडणवीस बोले- पुलिस कर रही जांच, जल्द ही...

CM फडणवीस ने कहा कि कि पुलिस को इस मामले में करीब-करीब सारी चीजें मिल चुकी हैं। जांच को अंतिम छोर तक पुलिस ले जाएगी।

Follow :  
×

Share


Devendra Fadnavis on Saif Ali Khan Attack Case | Image: X

Devendra Fadnavis on Saif Attack Case: सैफ अली खान पर हमले मामले की जांच को लेकर कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। कभी गिरफ्तार आरोपी और CCTV में नजर आए शख्स के अलग-अलग दिखने की बात कही गई। तो अब आरोपी के फिंगरप्रिंट्स के सैंपल मैच न होने का दावा किया जाने लगा। जांच पर उठ रहे सवालों पर अब महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस का बयान सामने आया है।

CM फडणवीस ने कहा कि पुलिस की जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मैं पुलिस कमिश्नर से इस मामले में मीडिया को सही जानकारी देने को कहूंगा।

‘बहुत अच्छे से जांच कर रही पुलिस’

महाराष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस से सैफ अटैक मामले में जांच पर सवाल किया गया। आरोपी के फिंगरप्रिंट्स मैच न होने के सवाल पर उन्होंने कहा, "जिन बातों की पुष्टि नहीं हुए। पुलिस ने जो बातें नहीं बताई हैं, उसको लेकर मीडिया कंफ्यूजन तैयार न करें। मैं सही कहता हूं कि पुलिस इस मामले में बहुत अच्छे तरह से जांच कर रही है।"

उन्होंने कहा कि पुलिस को इस मामले में करीब-करीब सारी चीजें मिल चुकी हैं। जांच को अंतिम छोर तक पुलिस ले जाएगी। मैं पुलिस कमिश्नर से कहूंगा कि आज या कल केस की सही जानकारी दी जाए।

आरोपी के फिंगरप्रिंट्स मैच न होने का किया गया था दावा

गौरतलब है कि सैफ अली खान पर 16 जनवरी को हुए हमले के मामले में हर रोज ही कोई न कोई बड़ा दावा किया जा रहा है। हाल ही में ऐसी खबरें सामने आई कि जांच में जुटी पुलिस को घटनास्थल से मिले 19 फिंगरप्रिंट की रिपोर्ट निगेटिव आई है। आरोपी शहजाद के नमूने उस रिपोर्ट से मेल नहीं खाते हैं।

वहीं, इससे पहले ये भी कहा गया कि पुलिस ने सैफ और करीना के बयानों में भी अंतर पाया है। इसके अलावा मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शहजाद और घटना के बाद CCTV में दिखे शख्स के चेहरे अलग-अलग होने का दावा तो किया ही जा रहा है। इन सब दावों के चलते पूरे मामले में मुंबई पुलिस की जांच सवालों के घेरे में बनी हुई है।

जांच के लिए भेजे गए ब्लड सैंपल और कपड़े

हालांकि इससे इतर मुंबई पुलिस जांच में जुटी हुई है। हाल ही में पुलिस ने सैफ के ब्लड सैंपल और कपड़ों को कब्जे में लेकर जांच के लिए लैब भेजा। इसके अलावा घटना वाली रात आरोपी शहजाद ने जो कपड़े पहने थे उस पर भी खून के धब्बे मिले। दोनों के कपड़ों को लैब भेजा गया था। शहजाद फिलहाल 29 जनवरी तक पुलिस कस्टडी में है। 

यह भी पढ़ें: नौकरी छूटी, शादी टूटी, अब सैफ के घर के बाहर.... हिरासत में लिए गए युवक का पुलिस पर फूटा गुस्सा, पूछा- मूंछें भी नहीं दिखीं?

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 27 January 2025 at 16:10 IST