BREAKING: गुरमीत राम रहीम को बड़ी राहत, 24 साल पुराने मर्डर केस में हाईकोर्ट ने किया बरी, पत्रकार छत्रपति की गोली मारकर हुई थी हत्या
डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को शनिवार को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने पत्रकार राम चंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में बरी कर दिया।
Gurmeet Ram Rahim Acquitted: डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम को शनिवार को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने पत्रकार राम चंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में बरी कर दिया। इससे पहले, सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) कोर्ट ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी। राम रहीम ने सीबीआई कोर्ट के इस फैसले को हरियाणा-पंजाब हाई कोर्ट में चुनौती दी थी। इस मामले में सुनवाई करते हुए आज हाई कोर्ट ने गुरमीत राम रहीम को क्लीन चिट देते हुए बरी कर दिया है।हालांकि अन्य मामलों की वजह से राम रहीम को अभी जेल में ही रहना पड़ेगा।
यह फैसला चीफ जस्टिस शील नागू और जस्टिस विक्रम अग्रवाल की डिवीजन बेंच ने 2019 की सजा को चुनौती देने वाली अपीलों पर सुनवाई करते हुए सुनाया। जिसके बाद कोर्ट ने राम रहीम की सजा को रद्द कर दिया और आरोपों से बरी कर दिया। हालांकि कोर्ट ने दो दूसरे आरोपियों की अपील खारिज कर दी।
क्या था पूरा मामला
पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की अक्टूबर 2002 में उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उनके अखबार 'पूरा सच' ने एक गुमनाम पत्र प्रकाशित किया था, जिसमें सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में महिला अनुयायियों के कथित यौन शोषण का जिक्र किया गया था। दरअसल, गुरमीत राम रहीम को 2017 में अपनी दो शिष्याओं से बलात्कार के जुर्म में भी 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई है।
इस मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद राम रहीम को हरियाणा के रोहतक स्थित सुनारिया जेल में रखा गया है। गुरमीत राम रहीम अभी भी सजा काट रहा है। इस बीच राम रहीम कई बार पैरोल पर जेल से बाहर भी चुका है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 7 March 2026 at 11:18 IST