गरीब होने का ताना, 10 रुपए के फटे नोट को लेकर विवाद और मारपीट...दिल्ली में flipkart डिलीवरी बॉय ने जहर खाकर दे दी जान
दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर में फटे नोट को लेकर हुआ विवाद गंभीर मामले में बदल गया। एक ग्राहक को कॉफी देने पहुंचे डिलीवरी एग्जीक्यूटिव समीर हुसैन ने आरोप लगाया था कि नोट लेने से मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई।
- भारत
- 2 min read
दिल्ली के ईस्ट विनोद नगर में फटे नोट को लेकर हुआ विवाद गंभीर मामले में बदल गया। एक ग्राहक को कॉफी देने पहुंचे डिलीवरी एग्जीक्यूटिव समीर हुसैन ने आरोप लगाया था कि नोट लेने से मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई। परिवार का आरोप है कि डिलीवरी के दौरान 10 रुपये के फटे नोट को लेकर हुए विवाद हुआ था। इसमें समीर के साथ मारपीट की गई और उसे गरीब होने का ताना दिया गया।
इससे आहत समीर ने 5 अक्टूबर को जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड करने का प्रयास किया। जानकारी होने पर परिजनों ने उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है। इस घटना पर परिवार को लोगों ने आक्रोश प्रकट करते हुए अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
क्या है पूरा मामला
दिल्ली के कल्याणपुरी में रहने वाला समीर हुसैन फ्लिपकार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता था। उसके परिजनों के मुताबिक एक डिलीवरी के दौरान 10 रुपये के फटे नोट को लेकर विवाद हुआ था। यह विवाद उसकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान समीर के साथ मारपीट की गई। इतना ही नहीं, उसे गरीब होने का ताना भी दिया गया। इससे समीर के आत्मसम्मान को चोट पहुंची।
परिजनों के मुताबिक समीर ने फ्लिपकार्ट के ऑफिस में मैनेजर से शिकायत भी की। बावजूद इसके कोई सुनवाई नहीं हुई। बाद वह शिकायत लेकर थाने पहुंचा, लेकिन न्याय वहां भी नहीं मिला। इससे आहत समीर ने 5 अक्टूबर को जहरीला पदार्थ खा लिया था। आनन फानन में उसे दिल्ली के एलबीएस अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान मौत हुई है।
पुलिस ने इन दो आरोपियों को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, 5 अक्टूबर को समीर के जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी मिली थी। उन्हें लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 20 अक्टूबर को उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने 5 अक्टूबर को कल्याणपुरी थाने में FIR दर्ज की थी। समीर की मृत्यु के बाद मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने से जुड़ी BNS की धारा 108 जोड़ी गई। पुलिस ने राकेश उर्फ बंटी (30) और रामपाल सिंह (65) को गिरफ्तार किया है। मामले की जांच जारी है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 22 October 2026 at 14:46 IST