राजधानी समेत पूरे उत्तर भारत में हीटवेव का अलर्ट, बाइक राइडर्स के लिए हीटस्ट्रोक से बचने के 5 टिप्स
दिल्ली-NCR, यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए हीटवेव का कहर जारी है। IMD की चेतावनी के बाद बाइक राइडर्स के लिए हीटस्ट्रोक बचाव के लिए यहां 5 टिप्स बताई जा रही है। गर्मी में सुरक्षित राइडिंग के जरूरी उपाय जानें। पढ़ें पूरी खबर।
Bike Riders Tips: दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में इन दिनों भीषण गर्मी का कहर जारी है। इंडिया मेटियोरोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने शनिवार 25 अप्रैल को राजधानी समेत कई राज्यों के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। तपती धूप के साथ लू के थपेड़ों से दिन का तापमान लगातार बढ़ता ही जा रहा है। IMD के मुताबिक अगले तीन दिनों तक उत्तर-पश्चिमी और मध्य भारत में उष्ण लहरें चलने की संभावना है।
दिल्ली में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तक भी पहुंचने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी। हालांकि रविवार 26 अप्रैल से तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
हीटवेव में राइडर्स सबसे ज्यादा असुरक्षित क्यों?
हीटवेव के चलते टू-व्हीलर चलाने वाले लोग सबसे ज्यादा खतरे में हैं। हेलमेट और प्रोटेक्टिव गियर पहनने से गर्मी अंदर फंस जाती है। लंबे समय तक ट्रैफिक में खड़े रहने और सीधी धूप पड़ने से डिहाइड्रेशन और हीटस्ट्रोक का खतरा बढ़ भी जाता है।
हीटस्ट्रोक से बचने के 5 जरूरी टिप्स
- हाइड्रेटेड रहें : राइड करते वक्त हर 20-30 मिनट में पानी पीते रहें। प्यास न लगे तब भी पीना जरूरी है। साथ में नारियल पानी और ठंड़ी चीजों का सेवन करते रहे।
- ब्रीदेबल गियर चुनें: हल्की और हवादार मेश वाली राइडिंग जैकेट और हेलमेट इस्तेमाल करें। ऐसे गियर चुनें जिनमें अच्छी हवा का फ्लो हो।
- पीक आवर्स से बचें: दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक की तेज धूप में राइडिंग प्लान न करें। सुबह जल्दी या शाम को राइड करें।
- ब्रेक लें: लंबी यात्रा में हर घंटे-डेढ़ घंटे में छायादार जगह पर रुकें। ठंडा होकर फिर आगे बढ़ें।
- चेतावनी के संकेतों पर ध्यान दें: चक्कर आना, तेज सिरदर्द, ज्यादा पसीना या जी मिचलाना जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत रुकें और किसी से मदद मांगे या फिर डॉक्टर से संपर्क करें।
IMD ने दी धूप से बचने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में बेवजह बाहर निकलने से बचें। IMD ने दोपहर के वक्त 12 बजे से 4 बजे तक बाहर ना निकलने की सलाह दी है। इसके साथ ही हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनें। सनग्लासेस और सनस्क्रीन का भी इस्तेमाल करें। इसके साथ ही एक राहत की खबर भी है। IMD ने बताया है कि कुछ राज्यों में बारिश भी हो सकती है जो राहत देगी। फिर भी सावधानी बरतें और सुरक्षित राइडिंग सुनिश्चित करें। क्योंकि गर्मी में छोटी-छोटी सावधानियां ही बड़ी मुसीबत से बचा सकती हैं।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 25 April 2026 at 18:04 IST