अपडेटेड 24 March 2025 at 14:47 IST
BREAKING: दिल्ली टू शिमला फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी, बाल-बाल बचे डिप्टी सीएम- DGP सहित 44 यात्री
हिमाचल प्रदेश से बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली से शिमला जा रही फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान ब्रेक में तकनीकी खराबी आ गई।
हिमाचल प्रदेश से बड़ी खबर सामने आ रही है। दिल्ली से शिमला जा रही फ्लाइट में लैंडिंग के दौरान ब्रेक में तकनीकी खराबी आ गई। जहाज में हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, डीजीपी अतुल वर्मा सहित 44 पैसेंजर्स सवार थे। न्यूज एजेंसी ANI द्वारा शिमला एयरपोर्ट सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि इस फ्लाइट के सभी पैसेंजर्स सुरक्षित हैं। जानकारी के मुताबिक लैंडिंग के बाद फ्लाइट को रोकने के लिए इमरजेंसी ब्रेक का प्रयोग करना पड़ा। इससे विमान में बैठे यात्रियों में हड़कंप मच गया। घटना के बाद करीब 20 से 25 मिनट तक विमान को एयरपोर्ट पर ही खड़ा रखा गया। उसके बाद यात्रियों को बाहर निकाला गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से शिमला आए एलायंस एयर के एटीआर विमान में यह तकनीकी खराबी आई। इस विमान में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक डॉ. अतुल वर्मा भी यात्रा कर रहे थे। जब विमान जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे पर उतर रहा था, तब उसकी स्पीड कम नहीं हुई। इस पर पायलट को आपात ब्रेक लगानी पड़ी।
तकनीकी जांच के आदेश
जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के कार्यकारी निदेशक केपी सिंह ने बताया कि दिल्ली से इंजीनियरों की टीम सोमवार शाम तक शिमला पहुंचेगी और विमान की तकनीकी जांच करेगी। इसके बाद मंगलवार को यही विमान दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। मंगलवार सुबह दिल्ली से शिमला के लिए नियमित उड़ान नहीं होगी। इस घटना के बाद दिल्ली-शिमला-धर्मशाला मार्ग की तीनों फ्लाइट रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। धर्मशाला से विधायकों को शिमला विधानसभा सत्र में भाग लेने आना था, लेकिन फ्लाइट रद्द होने के कारण उन्हें सड़क मार्ग से आना पड़ा।
विमान में थे 44 यात्री
यह 42 सीटर विमान दिल्ली से सुबह शिमला आता है और फिर शिमला से धर्मशाला के लिए उड़ान भरता है। सोमवार को दिल्ली से शिमला लौट रहे इस विमान में क्रू मेंबर्स समेत 44 यात्री सवार थे। इमरजेंसी ब्रेक लगाने से पहले एयरलाइन ने यात्रियों को अलर्ट कर दिया था। यात्रियों के अनुसार, ब्रेक लगाने के बावजूद विमान नहीं रुका और रनवे के आखिरी छोर तक पहुंच गया। आखिरकार, आपात ब्रेक लगाने पर विमान रुका, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
इसे भी पढ़ें- सौरभ की हत्या के बाद मंदिर में साहिल से शादी, कई दिनों तक पहाड़ों में मनाया हनीमून, क्या प्रेग्नेंट है मुस्कान? सच आया सामने
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 24 March 2025 at 14:34 IST