पूर्व CM ममता बनर्जी के घर पहुंची दिल्ली पुलिस, 13 साल पुराने केस में थमाया नोटिस, जानिए क्या है पूरा मामला
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को 13 साल पुराने एक मामले में दिल्ली पुलिस ने गवाह के तौर पर नोटिस दिया है। CrPC 160 धारा के तहत पुलिस किसी भी व्यक्ति को- जिसे केस के बारे में जानकारी हो, बयान देने के लिए थाने बुला सकती है।
- भारत
- 2 min read
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को 13 साल पुराने एक मामले में दिल्ली पुलिस ने गवाह के तौर पर नोटिस दिया है। CrPC 160 धारा के तहत पुलिस किसी भी व्यक्ति को- जिसे केस के बारे में जानकारी हो, बयान देने के लिए थाने बुला सकती है। दरअसल दिल्ली के योजना भवन में प्लानिंग कमीशन का दफ्तर था। ममता यहां बंगाल के सालाना प्लान के लिए मीटिंग करने के लिए वित्त मंत्री अमित मित्रा के साथ गई थीं।
SFI और CPI(M) के करीब 125-150 कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया। ये लोग कोलकाता में SFI नेता सुदीप्तो गुप्ता की पुलिस हिरासत में मौत का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने ममता को VIP गेट से जाने को कहा था, लेकिन वो मेन गेट से पैदल ही भीड़ के बीच से गईं। भीड़ में अमित मित्रा को धक्का दिया गया, कुर्ता फाड़ दिया गया, सीने पर मुक्का मारा गया। उन्हें बाद में AIIMS में भर्ती कराना पड़ा।
भाजपा ने कहा, दिल्ली पुलिस ही देगी जवाब
ममता के आवास पर दिल्ली पुलिस के पहुंचने के समय को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा प्रवक्ता देवजीत सरकार ने कहा कि 13 साल पुराने मामले में अब तक नोटिस क्यों नहीं दिया गया, यह सवाल उठना स्वाभाविक है। हालांकि, इसका जवाब दिल्ली पुलिस ही दे सकती है। अदालत में भी पुलिस को अपनी कार्रवाई का आधार बताना होगा।
गौरतलब है कि सत्ता परिवर्तन के बाद पिछले कुछ महीनों में कालीघाट स्थित ममता के आवास पर पुलिस और केंद्रीय जांच एजेंसियों की आवाजाही को लेकर राजनीतिक विवाद होता रहा है। तृणमूल कांग्रेस इन कार्रवाइयों को राजनीतिक प्रतिशोध बताती रही है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 9 November 2026 at 21:05 IST