अपडेटेड 9 March 2025 at 18:38 IST

दिल्ली से चोरी आपके फोन से बांग्लादेश में हो रहा 'कांड'? पुलिस ने पकड़ा इंटरनेशनल मोबाइल चोर; 8 महीने में 20 लाख का माल साफ

दिल्‍ली पुलिस ने एक इंटरनेशनल मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। वो चोरी के 48 महंगे फोन लेकर कथित तौर पर भागने की कोशिश कर रहा था।

Follow :  
×

Share


दिल्ली से चोरी आपके फोन से बांग्लादेश में हो रहा 'कांड'? पुलिस ने पकड़ा इंटरनेशनल मोबाइल चोर; 8 महीने में 20 लाख का माल साफ | Image: X

दिल्‍ली पुलिस ने एक इंटरनेशनल मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। वो चोरी के 48 महंगे फोन लेकर कथित तौर पर भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने बताया कि चोरी के इन मोबाइलों को बांग्लादेश में बेचा जाना था। मोबाइल चोर की पहचान 24 साल के अब्‍दुश के रूप में हुई है जो अंतरराष्ट्रीय मोबाइल चोर गिरोह का सक्रिय सदस्‍य है। वो 20 लाख रुपए कीमत के 48 मोबाइल फोन लेकर पश्चिम बंगाल से बांग्लादेश जाने के फिराक में था।

पुलिस उपायुक्‍त (अपराध) आदित्य गौतम ने बताया, जांच में सामने आया कि संगठित गिरोह दिल्ली-एनसीआर (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में सक्रिय हैं, जो मेट्रो स्टेशन, बसों और भीड़भाड़ वाले बाजारों में लोगों को निशाना बनाता है। उन्होंने बताया कि चोरी किए गए मोबइल फोन को जल्दी में दिल्ली से बाहर तस्करी कर ले जाया गया, जिस कारण पुलिस उनका पता नहीं लगा पाई।

बांग्लादेश में मोबाइल को मॉडिफाई कर 10000 रुपए में बेचा जाता था

पुलिस ने  बताया कि आरोपियों ने इन मोबाइल को दो से तीन हजार रुपये में खरीदा और उन्हें पश्चिम बंगाल ले गए, जहां उन्हें ‘मॉडिफाई’ किया गया और उसके बाद बांग्लादेश में 8,000 से 10,000 रुपये प्रति फोन की दर से बेचा गया। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने सलीमगढ़ बाईपास के पास जाल बिछाया और अब्दुश को चोरी किये गये 48 महंगे मोबाइल फोन की खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने बताया कि अब्दुश ने पूछताछ के दौरान पिछले 18 महीनों में 800 से ज्यादा चोरी के फोन की तस्करी करने की बात कबूल की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में कबाड़ के काम करने वाले अब्दुश को समीर और सलीम नाम के लोगों ने अवैध व्यापार में फंसाया था। अधिकारी ने बताया कि साइबर प्रकोष्ठ अब उसके साथियों की पहचान करने और दिल्ली, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश में फैले उसके नेटवर्क को खत्म करने के काम में जुटी है। उन्होंने बताया कि तस्करी के रास्तों का पता लगाने की जांच की जा रही है।

इसे भी पढ़ें- महाकुंभ में भीड़ का जेबकतरों ने खूब उठाया फायदा! एक चोर ने अकेले ही 60 लाख रु के 90 मोबाइल पर किया हाथ साफ; ऐसे हुआ गिरफ्तार

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 9 March 2025 at 18:38 IST