अपडेटेड 15 December 2025 at 21:41 IST
स्टेडियम में Lionel Messi का स्वागत करने पहुंची CM रेखा गुप्ता, लोग लगाने लगे 'AQI- AQI' के नारे, AAP बोली- दिल्ली और देश की फजीहत...
Delhi News: 15 दिसंबर 2025 को लियोनेल मेस्सी ने दिल्ली में अपना GOAT टूर इंडिया समाप्त किया। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में उनका भव्य स्वागत हुआ। हालांकि यहां भीड़ ने दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता को देखकर उनके सामने 'AQI-AQI' के नारे भी लगाए, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है। इसको लेकर AAP ने बीजेपी को घेरा।
Delhi News: अर्जेंटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी GOAT इंडिया टूर के अपने अंतिम पड़ाव पर आज, 15 दिसंबर को दिल्ली पहुंचे। यहां मेसी के आने पर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने मिला। फैंस फुटबॉलर की झलक पाकर खुशी से झूम उठे। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में सीएम रेखा गुप्ता ने मेसी का भव्य स्वागत किया। वहीं, सीएम रेखा गुप्ता के मैदान में पहुंचने पर वहां मौजूद लोगों ने 'AQI, AQI' के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।
स्टेडियम में लगे ‘AQI- AQI’ के नारे
प्रदूषण से बेकाबू हुए हालातों के बीच दिल्ली सरकार निशाने पर बनी हुई है। ऐसे में मेसी के दिल्ली पहुंचने पर जब सीएम रेखा गुप्ता अरुण जेटली स्टेडियम पहुंची, तो भीड़ उन्हें देखकर खुश नहीं थी। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखने मिल रहा है कि उनके स्टेडियम में आते ही लोगों ने 'AQI, AQI' के नारे लगाने शुरू कर दिए।
इस वीडियो को लेकर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस ने भी दिल्ली सरकार पर निशाना साधा है। AAP ने इसको लेकर X पर लिखा, "दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने फिर करवाई दुनिया के सामने दिल्ली और देश की फजीहत... CM रेखा गुप्ता जैसे ही दुनिया के महान Football खिलाड़ी लियोनेल मेसी से मिलने मंच पर पहुंची, दिल्ली वालों ने नारा लगा दिया- AQI! AQI!"
प्रदूषण से दिल्ली-NCR में हालात बेकाबू
इस वक्त प्रदूषण की वजह से दिल्लीवालों का दम घुट रहा है। एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) लगातार खतरनाक श्रेणी में बना हुआ है, जिससे सांस लेना दुभर हो गया। राजधानी का AQI 400 पार बना हुआ है और दिल्ली-NCR में ग्रैप 4 के तहत पाबंदियां भी लागू हैं। प्रदूषण और कोहरे के डबल अटैक की वजह से दिल्ली में विजिबिलिटी जीरो हो गई है।
दूसरी ओर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने इवेंट से खास तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं और उन्होंने इसे दिल्ली का मेसी मोमेंट बताया।
जय शाह ने मेसी को गिफ्ट की टीम इंडिया की जर्सी
इसके अलावा अरुण जेटली स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में ICC के अध्यक्ष जय शाह ने मेसी के साथ लुइस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल से मुलाकात की। उन्होंने स्टार फुटबॉलर्स को भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी भी भेंट की। उन्होंने मेसी को नंबर 10, सुआरेज को नंबर 9 और डीपॉल को नंबर 7 लिखी जर्सी दी। साथ ही जय शाह ने मेसी को क्रिकेट बैट देते हुए T20 वर्ल्ड कप के लिए भी आमंत्रित किया और USA के खिलाफ होने वाले इंडिया के मैच का टिकट दिया।
लियोनेल मेसी के GOAT इंडिया टूर 2025 की शुरुआत कोलकाता से हुई थी। इसके बाद वो हैदराबाद और मुंबई भी गए। आज, दिल्ली में इस टूर का समापन हो गया है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 15 December 2025 at 21:39 IST