अपडेटेड 29 December 2024 at 21:48 IST
Delhi News: दिल्ली में मुठभेड़ के बाद दो वांछित अपराधी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने रविवार को पश्चिमी दिल्ली में मुठभेड़ के बाद सशस्त्र लूटपाट समेत करीब 80 मामलों में शामिल दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया।
दिल्ली पुलिस ने रविवार को पश्चिमी दिल्ली में मुठभेड़ के बाद सशस्त्र लूटपाट समेत करीब 80 मामलों में शामिल दो वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) विचित्र वीर ने बताया कि मादीपुर में दोनों के ठिकाने के बारे में खुफिया जानकारी मिली, जिसके बाद पर क्षेत्र में सभी संभावित निकास मार्गों पर तैनात करने के लिए कई टीम गठित की गईं।
पुलिस उपायुक्त ने बताया, 'संदिग्धों को तड़के करीब साढ़े चार बजे देखा गया। जब पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए कहा, तो उन्होंने गोलियां चलानी शुरू कर दीं, जो कुछ पुलिसकर्मियों की 'बुलेटप्रूफ जैकेट' पर जा लगीं, हालांकि कोई घायल नहीं हुआ।'
अधिकारी ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई जवाबी गोलीबारी में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लग गई।
उन्होंने बताया कि आरोपियों का नजदीकी अस्पताल में इलाज हो रहा है।
डीसीपी ने कहा, आरोपियों की पहचान द्वारका जिले के कुख्यात अपराधी रोहित कपूर और पश्चिमी दिल्ली के ख्याला के हिस्ट्रीशीटर रिंकू के रूप में हुई है।
पुलिस ने कहा कि पिछले कुछ दिन में, पश्चिम जिले के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में लूटपाट की कुछ घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें ज्यादातर सुबह के समय या देर रात में बदमाशों ने बंदूक या चाकू दिखाकर लोगों से सोने के गहने चुराए।
पुलिस ने कहा कि 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच से अपराधियों की शारीरिक बनावट और उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए वाहनों के बारे में सुराग मिले।
रिंकू का नाम 48 मामलों से जुड़ा है, जिनमें सशस्त्र लूटपाट, हत्या, हत्या का प्रयास और शस्त्र अधिनियम के तहत मामले शामिल हैं। डीसीपी ने कहा कि कपूर 40 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।
अधिकारी ने कहा, ''दोनों दिल्ली और मध्य प्रदेश में 80 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल थे।'' उन्होंने बताया कि वे बस स्टैंड और पार्क के पास अकेली महिलाओं या बुजुर्ग पुरुषों को निशाना बनाते थे।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 29 December 2024 at 21:48 IST