Delhi: कालकाजी में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी, दो और आरोपी गिरफ्तार

Kalkaji Gangrape Case: कालकाजी में नाबालिग से गैंगरेप मामले में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। गैंगरेप के दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

 
Follow :
Kalkaji Gangrape Case | Image: ANI

Kalkaji Gangrape Case: दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 साल की नाबालिग से गैंगरेप मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। मामले में फरार चल रहे बाकी दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

दक्षिणी रेंज के जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस विजय कुमार ने बताया, ‘तीन युवकों ने लड़की के दोस्त को पकड़ लिया। इसके बाद नाबालिग लड़की के साथ बारी-बारी से रेप किया। एक आरोपी आसिफ को पुलिस एनकाउंटर के तहत मंगलवार की सुबह गिरफ्तार कर लिया गया। दो और आरोपियों के नाम भी सामने आ गए हैं। उनसे भी पूछताछ की जा रही है।’ मामले में शामिल दो और आरोपियों का नाम हेमंत और मुकेश बताया जा रहा है।

September 22, 2026

लड़की का मेडिकल टेस्ट कराया गया- पुलिस

जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस विजय कुमार ने कहा, ‘लड़की का मेडिकल टेस्ट कराया गया है। मामले में दो और लोगों के नाम भी सामने आए हैं। उनकी पहचान हेमंत और उसके भाई के तौर पर हुई है, लेकिन मैं अभी उसके भाई का नाम नहीं बताऊंगा। उनसे पूछताछ की जा रही है। और भी गिरफ्तारियां होंगी। हेमंत का कहना है कि उसने लॉ की पढ़ाई की है। बताया जा रहा है कि उसका छोटा भाई B.Sc. का स्टूडेंट है। हम निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर रहे हैं।’

क्या है पूरा मामला?

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, सोमवार की रात करीब 8:45 बजे DD नंबर 93A के ज़रिए कालकाजी मंदिर के पास तीन लोगों द्वारा एक 17 साल की नाबालिग लड़की के कथित रेप के बारे में PCR कॉल मिली। जानकारी मिलने पर अमर कॉलोनी थाने के SHO और उनकी टीम आस्था कुंज पार्क पहुंची, जहां पीड़िता अपने दोस्त के साथ मिली।

खुद को पुलिसवाला बताकर दरिंदों ने किया रेप

पुलिस ने बताया कि पीड़िता के बयान के अनुसार, वह और उसका दोस्त दर्शन के लिए कालकाजी मंदिर गए थे और उसके बाद गेट नंबर 7 से आस्था कुंज पार्क में दाखिल हुए। तीन लोगों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मी बनकर उसे उसके दोस्त से अलग किया और एक सुनसान इलाके में ले गए। आरोपियों में से एक, जिसकी पहचान आसिफ के तौर पर हुई है, उसने कथित तौर पर बंदूक और चाकू दिखाकर उसे धमकाया और उसका यौन उत्पीड़न किया। इसके बाद, दो अन्य आरोपियों ने भी कथित तौर पर उसका यौन उत्पीड़न किया। आरोपियों ने बाद में पीड़िता और उसके दोस्त को धमकाया।

आरोपी की धर पकड़ के लिए बिछाया गया जाल

उन्होंने आगे कहा कि पीड़िता का AIIMS अस्पताल में मेडिकल टेस्ट कराया गया है। क्राइम और FSL टीम ने घटनास्थल की जांच की और जरूरी सबूत इकट्ठा किए। इसके आधार पर थाने में FIR नंबर 354/26 (धारा 70(2)/61(2)/115(2)/351(3) BNS और POCSO एक्ट की धारा 6/17 के तहत) दर्ज की गई और जांच शुरू की गई। मामले में आरोपियों का पता लगाने के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। दक्षिण-पूर्व जिले के स्पेशल स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर राजेंद्र डागर की अगुवाई वाली एक टीम को अमर कॉलोनी में DM ऑफिस रोड के पास आरोपी आसिफ की गतिविधियों के बारे में खास जानकारी मिली, जहां पुलिस टीम ने जाल बिछाया था।

पुलिस एनकाउंटर में आरोपी को लगी गोली

पुलिस ने बताया कि जब आरोपी को रोका गया, तो उसने कथित तौर पर पुलिस की टीम पर ही गोली चला दी। गोलीबारी के दौरान एक गोली हेड कॉन्स्टेबल राजेश की बुलेट-प्रूफ जैकेट पर लगी। आत्मरक्षा में हेड कॉन्स्टेबलने दो राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।'

यह भी पढ़ें: Delhi: कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से गैंगरेप, खुद को पुलिसकर्मी बताकर 3 युवकों ने की हैवानियत; एक गिरफ्तार
 

 


 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 22 September 2026 at 12:05 IST