अपडेटेड 12 November 2025 at 16:29 IST

अभी भी नहीं टला खतरा... राजधानी में घूम रही खतरनाक लाल ईको स्पोर्ट्स कार और जैश मॉड्यूल का 1 संदिग्ध आतंकी, तलाश में पुलिस की 5 टीमें

दिल्ली में अभी खतरा पूरी तरह से टला नहीं है। खबर है कि दिल्ली पुलिस को एक लाल रंग की संदिग्ध ईको स्पोर्ट्स कार की तलाश है। लाल किले के पास हुए हमले में संदिग्धों के पास i20 के अलावा एक लाल रंग की फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार भी थी।

Follow :  
×

Share


राजधानी में घूम रही संदिग्ध कार और जैश मॉड्यूल का 1 संदिग्ध आतंकी | Image: ANI

Delhi Red Fort Blast Update : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षा का ग्राफ एक बार फिर ऊंचा हो गया है। लाल किले के पास 10 नवंबर की शाम को हुए धमाके की जांच तेज हो गई है। खबर है कि दिल्ली में अभी भी फरीदाबाद से जुड़ा जैश-ए-मोहम्मद का एक संदिग्ध आतंकी घूम रहा है। दिल्ली पुलिस ने एक लाल रंग की फोर्ड इकोस्पोर्ट कार को मुख्य संदिग्ध वाहन बताते हुए पूरे शहर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

दिल्ली पुलिस का मानना है कि यह कार किसी बड़े आतंकी हमले की आशंका से जुड़ी हो सकती है। पुलिस की 5 विशेष टीमें इस कार की धर पकड़ के लिए जुटी हुई हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिल्ली में हुआ धमाका एक बड़े आतंकी मॉड्यूल की साजिश का हिस्सा था, जो जनवरी 2025 से चली आ रही थी। इस मॉड्यूल ने दिल्ली-NCR में मुंबई के 26/11 जैसे बड़े हमलों की योजना बनाई थी।

संदिग्ध कार की तलाश, दिल्ली में अलर्ट

पुलिस सूत्रों के अनुसार, संदिग्धों के पास हुंडई i20 के अलावा एक लाल रंग की फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार भी थी, जिसे मुख्य वाहन माना जा रहा है। इस कार को लेकर दिल्ली के सभी पुलिस स्टेशनों, पुलिस पोस्टों और बॉर्डर चेकिंग पॉइंट्स पर हाई अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली पुलिस ने पड़ोसी राज्यों यूपी और हरियाणा की फोर्स को भी इस लाल कार की तलाश के लिए सूचित कर दिया है। पुलिस को इस कार में विस्फोटक तस्करी की आशंका है। इस कार का नंबर DL10CK0458 है। 

दिल्ली का है रजिस्ट्रेशन नंबर

फरीदाबाद जैश आतंकी मॉड्यूल के संदिग्ध आतंकवादी दो कारों में दिल्ली पहुंचे थे। वे चांदनी चौक पार्किंग में भी साथ थे। आतंकवादियों की दूसरी इको स्पोर्ट कार अभी भी दिल्ली में घूम रही है। राष्ट्रीय राजधानी में आतंकी हमले का खतरा अभी टला नहीं है। एक संदिग्ध आतंकवादी अभी भी दिल्ली में खुलेआम घूम रहा है। पार्किंग और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से इसका खुलासा हुआ है। इस कार का रजिस्ट्रेशन नंबर दिल्ली का है। 

धमाके के पीछे बड़ी साजिश

दिल्ली धमाके की जांच में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि आतंकी मॉड्यूल ने दिल्ली, गुरुग्राम और फरीदाबाद के हाई-प्रोफाइल स्थलों को निशाना बनाने की योजना बनाई थी। इनमें लाल किला, इंडिया गेट, कांस्टीट्यूशन क्लब, गौरी शंकर मंदिर, प्रमुख रेलवे स्टेशन और शॉपिंग मॉल्स शामिल थे।

क्या था मकसद?

इस धमाके का मकसद धार्मिक स्थलों को टारगेट करके साम्प्रदायिक तनाव भड़काना था। खबर है कि 200 से अधिक शक्तिशाली IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) तैयार करने की साजिश रची थी, जिन्हें एक साथ कई जगहों पर फोड़े जाने था। यह प्लान जनवरी 2025 से ही चल रहा था और मुंबई 26/11 हमलों की तर्ज पर दिल्ली-एनसीआर को अस्थिर करने का इरादा था।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इस मॉड्यूल का संचालन जम्मू-कश्मीर के पुलवामा, शोपियां और अनंतनाग के कुछ रैडिकलाइज्ड डॉक्टरों द्वारा किया जा रहा था। इन डॉक्टरों ने अपनी 'व्हाइट-कॉलर' पहचान का फायदा उठाया। डॉक्टर होने के कारण इन पर शक कम होता था और ये NCR में बिना किसी बाधा के आ-जा सकते थे।

फरीदाबाद को क्यों बनाया बेस?

फरीदाबाद को अपना मुख्य बेस बनाते हुए इन संदिग्धों ने धौज और फतेहपुर तागा इलाकों में कमरे किराए पर लिए थे। इन जगहों पर आवाजाही आसान थी और बिना शक के विस्फोटक छिपाए जा सकते थे। पुलिस अब इन लोकेशनों पर गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अब तक कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को भी मामले में शामिल किया गया है। सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह साजिश अंतरराष्ट्रीय तत्वों से जुड़ी हो सकती है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने जनता से अपील की है कि अगर कोई संदिग्ध लाल फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार दिखे तो तुरंत सूचना दें। 

ये भी पढ़ें: Delhi Blast: PM मोदी भूटान से लौटते ही सीधे LNJP अस्पताल पहुंचे, दिल्ली ब्लास्ट में जख्मी लोगों का जाना हालचाल

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 12 November 2025 at 15:51 IST