Delhi: सत्य निकेतन हादसे के बाद प्रशासन सख्त, बगल की इमारत को तीन दिन में खाली करने का आदेश; अवैध निर्माण होंगे सील
दिल्ली में सत्य निकेतन हादसे के बाद प्रशासन ने आसपास की इमारतों को लेकर सख्त कदम उठाया है। MCD ने हादसे वाली बिल्डिंग से सटी इमारत को खाली करने का आदेश दिया है।
- भारत
- 3 min read
Delhi Building Collapse: दक्षिण दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत भरभराकर गिर गई, जिसमें अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है। घटना को करीब 17-18 घंटे बीत चुके हैं, लेकिन मलबे के नीचे दबी संभावित जिंदगियों को बाहर निकालने के लिए अब भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस हादसे के बाद नगर निगम (MCD) ने सुरक्षा के मद्देनजर सख्त कदम उठाते हुए घटना स्थल से सटी एक अन्य बिल्डिंग को खाली करने का नोटिस जारी कर दिया है।
दरअसल, प्रशासन का मानना है कि खतरा सिर्फ ढह चुकी इमारत तक ही सीमित नहीं है। जांच में बगल की बिल्डिंग को भी जर्जर और खतरनाक स्थिति में पाया गया है। ऐसे में किसी भी अन्य अनहोनी को रोकने के लिए पूरे प्रभावित इलाके को सतर्क कर दिया गया है।
हादसे वाली जगह से सटी बिल्डिंग होगी खाली
MCD के नोटिस में हादसे वाली जगह से ठीक सटी बिल्डिंग/घर नंबर 13 का जिक्र है। नोटिस में लिखा है, 'यह देखा गया है कि नई दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग/घर नंबर 13 की जगह पर कब्जा है। यह प्रॉपर्टी जर्जर और खतरनाक हालत में है और इसमें रहने वाले, यहां आने-जाने वाले या इसके पास से गुजरने वाले किसी भी व्यक्ति के लिए और साथ ही आस-पास के लोगों के लिए भी खतरनाक है। DMC एक्ट 1957 की धारा 348 और धारा 491 के तहत आपको आदेश दिया जाता है कि इस आदेश के मिलने के तीन दिनों के भीतर ऊपर बताई गई वजह और मकसद के लिए प्रॉपर्टी को गिरा दें, ताकि उससे होने वाले किसी भी खतरे को रोका जा सके।'
'3 दिन के भीतर आदेश का पालन नहीं हुआ तो...'
नोटिस में आगे लिखा है, ‘यह साफ किया जाता है कि अगर आप ऊपर बताई गई समय-सीमा के भीतर इस आदेश का पालन नहीं करते हैं, तो खतरनाक इमारत को MCD द्वारा गिरा दिया जाएगा और गिराने का खर्च इस एक्ट के तहत टैक्स की बकाया राशि के तौर पर आपसे वसूला जाएगा।’
अवैध इमारतों को सील करने का आदेश
सत्य निकेतन में हुए हादसे के बाद नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। MCD ने चार मंजिल से अधिक ऊंची सभी अवैध इमारतों को तुरंत सील करने का आदेश जारी किया है। मामले पर दिल्ली के मेयर प्रवेश वाही ने साफ कहा है कि ऐसे इमारतों को बनने देने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। जांच में दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल बर्खास्तगी जैसी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
18 घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बता दें कि 6 सितंबर 2026 को सत्य निकेतन इलाके में एक बिल्डिंग अचानक गिर गई। इस हादसे में अब तक 6 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। वहीं 11 लोग बचाए गए हैं। आशंका है कि मलबे में अभी भी 15 से 20 लोग दबे हो सकते हैं। इन्हें बचाने के लिए राहत और बचाव दल लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। वह मलबे को हटाने और फंसे हुए लोगों को तलाशने की कोशिशों में जुटे हुए हैं।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 7 September 2026 at 08:31 IST