दिल्ली में फिर फटा AC, पूर्व IAS धनेंद्र की जिंदा जलकर मौत; जानिए गर्मियों में क्यों बम की तरह फट रहे एसी, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे ये गलती?
दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास में बुधवार देर रात एक घर में लगी भीषण आग से बड़ा हादसा हो गया। मकान नंबर R-15 में लगी आग में 80 वर्षीय रिटायर्ड IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई।
- भारत
- 4 min read
दक्षिण दिल्ली के पॉश इलाके हौज खास में बुधवार देर रात एक घर में लगी भीषण आग से बड़ा हादसा हो गया। मकान नंबर R-15 में लगी आग में 80 वर्षीय रिटायर्ड IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार की मौत हो गई, जबकि उनके बेटे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह दमकल कर्मी एसी के इंडोर यूनिट में धमाका होना बता रहे हैं।
हौजखास थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। घर में उनके साथ पत्नी के अलावा बेटा और दो घरेलू सहायक रहते हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पड़ोसी महिला ने लगाए लापरवाही के आरोप
इस घटना पर IAS अधिकारी के घर से सामने रहने वाली एक महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि आग लगने की घटना के काफी देर बाद फायर ब्रिगेड पहुंची। पुलिस की टीम पहुंची, लेकिन उन्होंने भी हथियार डाल दिए थे।
महिला ने बताया कि वह रिटायर IAS अधिकारी की पड़ोसी है। उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर फायर ब्रिगेड आने में 20-25 मिनट लगे। वो लोग बहाना बना रहे थे। उनका कहना था कि उन्हें घर की लोकेशन नहीं मिली, गली पतली है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। यहां पतली गली नहीं है आराम से फायर ब्रिगेड आ सकती है।
उन्होंने कहा कि अंकल (रिटायर IAS) और उनकी पत्नी अकेले ही अपने स्टाफ के साथ यहां रहते हैं। वो इतने बड़े पद से रिटायर हुए इसके बाद भी उनके पास मदद पहुंचने में इतना वक्त लग गया। तो किसी आम आदमी का क्या होगा।
सीनियर IAS अधिकारी धनेंद्र कुमार का लंबा प्रशासनिक सफर
भारत की नौकरशाही और आर्थिक नीतियों में अहम भूमिका निभाने वाले वरिष्ठ IAS अधिकारी का प्रशासनिक करियर बेहद लंबा और प्रभावशाली रहा है। साल 1946 में जन्में धनेंद्र कुमार ने 1968 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS अधिकारी के तौर पर अपनी सेवा शुरू की थी।
अपने करियर के दौरान उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार में कई बड़े पदों पर काम किया और बाद में देश के प्रतिस्पर्धा कानून और आर्थिक सुधारों से जुड़े अहम फैसलों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
क्यों बम की तरह फट रहे AC?
AC में बिजली से जुड़े पार्ट्स सबसे अहम होते हैं। अगर वायरिंग खराब हो, पुरानी हो या सही तरीके से इंस्टॉल न की गई हो, तो ओवरहीटिंग और स्पार्किंग हो सकती है। पावर में अचानक बढ़ोतरी (पावर सर्ज) या शॉर्ट सर्किट भी AC को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे आग लगने या ब्लास्ट का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए समय-समय पर इलेक्ट्रिकल सिस्टम की जांच जरूरी है।
इसके अलावा अगर AC में भरी हुई गैस लीक हो जाए तो ये ज्वलनशील माहौल बना सकती है। जी हां, जब सर्विसिंग सही ढंग से न हो या सस्ती/गलत गैस भर दी जाए, तो ब्लास्ट का खतरा काफी ज्यादा बढ़ जाता है। बहुत से लोग सालों तक AC की सर्विस नहीं कराते हैं। ऐसे में गंदे फिल्टर, ब्लॉक्ड कॉइल्स और जाम ड्रेनेज सिस्टम मशीन पर ज्यादा दबाव डालते हैं, जिससे ओवरहीटिंग और आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।
खुद को ऐसे रखें सुरक्षित
हर सीजन से पहले सर्विस जरूर कराएं। साथ ही प्रोफेशनल टेक्नीशियन से AC की जांच कराएं ताकि छोटी खराबी समय रहते ठीक हो सके। AC के लिए सही वायरिंग और अलग पावर लाइन रखें। अलग सर्किट और अच्छी क्वालिटी की वायरिंग AC के लिए बेहद जरूरी है। एक्सटेंशन बोर्ड से AC चलाने से बचें। साथ ही AC को लगातार घंटों तक न चलाएं। बीच-बीच में ब्रेक देने से मशीन ठंडी रहती है और ओवरहीटिंग का खतरा भी इससे कम हो जाता है।
इसके अलावा AC से गैस लीकेज या अजीब आवाज को कभी भी नजरअंदाज न करें। अगर AC से बदबू आए, आवाज आए या कूलिंग कम हो जाए, तो तुरंत चेक कराएं। इसके साथ ही फिल्टर और वेंट्स साफ रखें। साफ-सफाई से एयरफ्लो बेहतर बना रहता है और मशीन पर दबाव भी नहीं पड़ता है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 29 May 2026 at 08:41 IST