Traffic Advisory: दिल्ली के चप्पे-चप्पे में पुलिस, आधी रात के बाद बॉर्डर से नो एंट्री;गणतंत्र दिवस पर बंद रहेंगे ये रास्ते
Republic Day 2025: 26 जनवरी परेड को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किया हुए है। 3,000 के आसपास ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
Republic Day 2025: गणतंत्र दिवस को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। पूरा देश कल गणतंत्र दिवस मनाएगा। दिल्ली में इस दिन के लिए खास तैयारियां की जाती हैं। इसी के तहत दिल्ली पुलिस ने लोगों के लिए खास ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
डीसीपी ट्रैफिक नई दिल्ली के मुताबिक, 26 जनवरी परेड को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने खास इंतजाम किया हुए है। 3,000 के आसपास ट्रैफिक पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे और जिन रास्तों से 26 जनवरी परेड निकलेगी, तमाम रास्तों पर आज रात 12बजे के बाद से भारी वाहन और कमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया जाएगा। इसके अलावा दिल्ली को जोड़ने वाले सभी बॉर्डर पर आज ज्यादा से ही कमर्शियल व्हीकल की एंट्री बंद कर दी जाएगी। सिर्फ एसेंशियल सर्विस से जुड़े व्हीकल को दिल्ली में प्रवेश करने दिया जाएगा। इसके अलावा विजय चौक से लाल किले तक परेड मार्ग की ओर जाने वाली सड़कों पर भी मार्ग परिवर्तन रहेगा। उन्होंने बताया कि शनिवार रात 9:15 बजे के बाद सी-हेक्सागन पर यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।
विजय चौक से लाल किले तक जाएगी परेड
परामर्श के अनुसार, गणतंत्र दिवस परेड सुबह 10:30 बजे विजय चौक से शुरू होकर लाल किले तक जाएगी। सुबह 9:30 बजे इंडिया गेट स्थित राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पर समारोह होगा। उन्होंने बताया कि परेड विजय चौक, कर्तव्य पथ, सी-हेक्सागन, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा के चारों ओर तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नेताजी सुभाष मार्ग और लाल किला से होकर गुजरेगी।
क्रॉस ट्रैफिक की नहीं दी जाएगी इजाजत
पुलिस ने कहा कि शनिवार को शाम पांच बजे से परेड खत्म होने तक विजय चौक से इंडिया गेट तक कर्तव्य पथ पर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अलावा, शनिवार को रात 10 बजे से रफी मार्ग, जनपथ, मान सिंह रोड पर कर्तव्य पथ पर किसी भी क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति नहीं दी जाएगी, जब तक कि गणतंत्र दिवस समारोह समाप्त न हो जाए। सी-हेक्सागन से इंडिया गेट तक का मार्ग रविवार को सुबह 9:15 बजे से लेकर परेड के तिलक मार्ग पार करने तक यातायात के लिए बंद रहेगा।
पुलिस ने कहा कि रविवार को सुबह 10:30 बजे से तिलक मार्ग, बीएसजेड मार्ग और सुभाष मार्ग पर दोनों तरफ से यातायात की अनुमति नहीं होगी। परेड की आवाजाही के आधार पर ही क्रॉस ट्रैफिक की अनुमति होगी।इसमें कहा गया है कि सड़क उपयोगकर्ताओं से अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें तथा अपनी सुविधा के लिए सुबह 9:30 बजे से दोपहर एक बजे तक परेड के मार्ग से बचें।
लोगों को दी गई ये सलाह
हालांकि उत्तरी दिल्ली से नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले लोगों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं होगा, फिर भी यह सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और संभावित देरी से बचने के लिए अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पर्याप्त अतिरिक्त समय लें। रविवार को गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान सभी स्टेशन पर यात्रियों के लिए मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। इसमें कहा गया है कि यदि कोई अज्ञात वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना निकटतम ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी को दी जानी चाहिए।
(इनपुट-पीटीआई-भाषा)
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 25 January 2025 at 21:52 IST