अपडेटेड 30 May 2024 at 12:22 IST

ऐसी गर्मी कभी नहीं पड़ी! दिल्ली में टूटा रिकॉर्ड, सच में मुंगेशपुर में तापमान पहुंचा 52.9 डिग्री?

सूरज की तपिश और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। धूप इतनी तेज और असहनीय थी कि इसने घर के बाहर नहीं बल्कि अंदर रहने वालों को भी झुलसा दिया।

Follow :  
×

Share


मौसम | Image: @PTI

Weather Update: देश का बड़ा हिस्सा इन दिनों भीषण गर्मी की मार झेल रहा है, खासकर उत्तर भारत में हाल बेहाल हैं। बुधवार (29 मई) को दिल्ली में तापमान 52 डिग्री के पार चला गया। दरअसल, मुंगेशपुर में अधिकतम तापमान 52.9 डिग्री दर्ज किया गया, जिसने हर किसी को चिंतित कर दिया। हालांकि मौसम विभाग ने अब इसे त्रुटिपूर्ण बताते हुए जांच की बात कही है।

दरअसल, बुधवार को सूरज की तपिश और गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी। धूप इतनी तेज और असहनीय थी कि इसने घर के बाहर नहीं बल्कि अंदर रहने वालों को भी झुलसा दिया। हालांकि शाम के वक्त आंशिक बादल छाए रहने के चलते कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। लेकिन तपती धूप में बारिश की इन बूंदों ने राहत देने का काम नहीं किया।

दिल्ली में गर्मी ने तोड़ा 79 सालों का रिकॉर्ड

29 मई 2024 के दिन की स्थिति गर्मी के चलते इतनी बद से बदतर रही कि इसे दिल्ली के इतिहास का सबसे गर्म दिन माना जा रहा है। दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह 79 सालों का सबसे अधिक तापमान है। इससे पहले 17 जून 1945 को यह 46.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। न्यूनतम तापमान बुधवार को सामान्य से तीन डिग्री अधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं इससे एक दिन पहले यानी कि मंगलवार (28 मई) को राजधानी के मुंगेशपुर, नजफगढ़ और नरेला में 50 डिग्री के करीब तापमान दर्ज किया गया था। दिल्ली में तापमान बढ़ने का कारण राजस्थान से आने वाली गर्म हवाओं को माना जा रहा है। विशेषकर दिल्ली के बाहर इलाके इसकी चपेट में हैं।

मुंगेशपुर के तापमान को लेकर की जा रही जांच

वहीं बात करें मुंगेशपुर के तापमान की तो मौसम विभाग ने इस पर असहमति जताई है। एक लिखित बयान जारी कर विभाग ने कहा है कि एनसीआर में उनके 15 आटोमैटिक वेदर स्टेशन हैं। सभी का अधिकतम तापमान बुधवार को 45,2 से 49.1 डिग्री के बीच रहा है। ऐसे में मुंगेशपुर के  तापमान में इतना ज्‍यादा अंतर सेंसर में गलती या किसी और वजह से हो सकता है। ऐसे में मौसम विभाग का कहना है कि आईएमडी यहां लगे डेटा और सेंसर की जांच कर रहा है। बता दें कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू भी दिल्ली के तापमान को लेकर सवाल उठा चुके हैं।

दिल्ली में कब बदलेगा मौसम?

दिल्ली में शुक्रवार से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, धूल भरी हवाओं के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश भी होने की आशंका है। वहीं 1 जून को भी बादल छाए रहने के पूर्वानुमान लगाए गए हैं।

यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में तापमान ने तोड़े रिकॉर्ड! इतने दिन और सिर पर चढ़े रहेंगे 'सूरज चाचा', राहत की भी खबर

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 30 May 2024 at 09:46 IST