प्री-मैच्योर बेबी, तलाक, 3 करोड़ का कर्ज और 20 लाख की एलिमनी...सुपरनोवा बिल्‍डिंग के 43वें फ्लोर से कूद खुदकुशी करने वाले संभव की पूरी कहानी

एडीसीपी मनीषा सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि संभव जैन मूल रूप से गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर (सेक्टर-1) का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से वर्क फ्रॉम होम (WFH) कर रहा था।

 
Follow :
प्री-मैच्योर बेबी, तलाक, 3 करोड़ का कर्ज और 20 लाख की एलिमनी...नोएडा के सुपरनोवा बिल्‍डिंग के 43वें फ्लोर से कूद खुदकुशी करने वाले संभव की पूरी कहानी | Image: X

नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सबसे ऊंची इमारतों में शुमार सुपरनोवा स्पायरा (Supernova Spira) टावर में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक बहुराष्ट्रीय कंपनी (MNC) में काम करने वाले संभव जैन ने 43वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि मृतक भारी कर्ज, पत्नी से तलाक और मानसिक तनाव (डिप्रेशन) के दौर से गुजर रहा था।

घटना शनिवार सुबह करीब 11 बजकर 45 मिनट की है। संभव अचानक 43वीं मंजिल की बालकनी की रेलिंग पर जाकर लटक गया। उसे इस खौफनाक स्थिति में देखकर वहां मौजूद एक एसी (AC) मैकेनिक समेत चार लोगों ने फौरन दौड़कर उसे बचाने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 15 मिनट तक बचाव करने वाले लोग संभव से बातचीत करते रहे, उसे समझाते रहे और यहां तक कि उसके हाथ भी मजबूती से पकड़ लिए थे। लेकिन जिंदगी से पूरी तरह निराश हो चुके संभव ने अचानक ग्रिल से अपने हाथ छुड़ा लिए और 43वीं मंजिल से कूद पड़ा।

चार दिन से घर से लापता, ऑनलाइन बुक किया था कमरा

एडीसीपी मनीषा सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि संभव जैन मूल रूप से गुरुग्राम के आईएमटी मानेसर (सेक्टर-1) का रहने वाला था। वह पिछले कुछ समय से वर्क फ्रॉम होम (WFH) कर रहा था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि संभव पिछले चार दिनों से अपने घर नहीं गया था। शुरुआत के दो दिन उसने गुरुग्राम के ही एक होटल में बिताया।

इसके बाद शुक्रवार को उसने ऑनलाइन बुकिंग ऐप के जरिए नोएडा के इस लग्जरी टावर में कमरा बुक किया और यहां आ गया। खुदकुशी करने से ठीक पहले वह अपने पिता से व्हाट्सएप पर चैट कर रहा था। उसके पिता एक फूड कंपनी में क्वालिटी ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं।

3 करोड़ का कर्ज, प्री-मैच्योर बच्चा और 20 लाख की एलिमनी

पुलिस को मृतक के मोबाइल फोन से एक वीडियो संदेश भी मिला है। इस वीडियो में संभव ने अपनी आत्महत्या के लिए किसी भी व्यक्ति को जिम्मेदार नहीं ठहराया है, बल्कि 3 करोड़ रुपये के भारी-भरकम कर्ज का जिक्र किया है।

पारिवारिक सूत्रों और पुलिस के अनुसार, संभव की जिंदगी में पिछले कुछ समय से लगातार उथल-पुथल मची हुई थी। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। उसका एक प्री-मैच्योर (समय से पहले) बच्चा हुआ था, जिसे लेकर वह काफी तनाव में था। इसके बाद उसका पत्नी के साथ तलाक हो गया। तलाक के एवज में उसे अपनी पूर्व पत्नी को गुजारा भत्ता (एलिमनी) के तौर पर करीब 20 लाख रुपये की रकम भी देनी थी।

आर्थिक तंगी, करोड़ों का कर्ज और टूटते परिवार के बोझ ने संभव को गहरे अवसाद में धकेल दिया था, जिसके चलते उसने इतना खौफनाक कदम उठा लिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और परिवार वालों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें- बाल खींचा, पीटा और की रेप की कोशिश...दिल्‍ली में IAS के बेटे ने आधी रात युवती से की हैवानियत, iPhone और कैश छीनने का भी आरोप

Published By : Ankur Shrivastava

पब्लिश्ड 4 October 2026 at 11:21 IST