अपडेटेड 20 February 2025 at 22:31 IST
मेरी मां का कठिन परिश्रम रंग लाया : दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के पुत्र
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बेटे निकुंज गुप्ता ने कहा कि उनकी मां के 30 वर्ष का कठिन परिश्रम आखिरकार आज रंग लाया और वह दिल्ली की मुख्यमंत्री बन गईं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बेटे निकुंज गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी मां के 30 वर्ष का कठिन परिश्रम आखिरकार आज रंग लाया और वह दिल्ली की मुख्यमंत्री बन गईं।
पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में लौटी है।
निकुंज ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि 20 साल की उम्र में वह अपने दम पर दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ की अध्यक्ष बनी थीं।
उन्होंने कहा, “मेरी मां के पास कोई राजनीतिक समर्थन नहीं था और दिन-रात अपनी कड़ी मेहनत से उन्होंने आज यह मुकाम हासिल किया है।”
निकुंज ने कहा, “मेरी मां की कड़ी मेहनत ने उनके राजनीतिक करियर को बनाया। उन्होंने महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है, दो बार पार्षद, भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष रहीं और अब मुख्यमंत्री बनी हैं।”
उन्होंने बताया कि उनकी मां ने हमेशा मजबूत पारिवारिक संबंध बनाए रखे हैं और उनके राजनीतिक सफर के दौरान समूचे परिवार का पूरा समर्थन मिला है।
Published By : Kanak Kumari Jha
पब्लिश्ड 20 February 2025 at 22:31 IST