अपडेटेड 4 February 2026 at 07:42 IST

दिल्‍ली में आखिर ये हो क्या रहा? साल 2026 के पहले 27 दिनों में 800 से ज्‍यादा लोग गायब, ज्यादातर लड़कियां और बच्चे लापता; हो जाएं सावधान

Delhi News: दिल्ली में हर दिन करीब 27 लोग लापता हो रहे हैं। 2026 के पहले 27 दिनों के अंदर 807 लोग गायब हो गए हैं। इसमें से पुलिस कई लोगों को अब तक ट्रेस नहीं कर पाई। लापता हुए लोगों में ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं।

Follow :  
×

Share


दिल्ली में 800 से ज्यादा लोग लापता | Image: AI Generated

Delhi News: दिल्ली से एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है। महज 27 दिनों के अंदर राजधानी से 800 से ज्यादा लोगों के लापता होने की खबर ने हर किसी को हैरान करके रख दिया है। इसमें ज्यादातर महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने लापता हुए 807 में से 235 लोगों को ट्रेस कर लिया, जबकि 538 लोगों की तलाश अब भी जारी है।

वैसे तो दिल्ली में यूं लोगों के लापता होने का मामला नया नहीं है। बीते कुछ सालों में के जिपनेट (Zonal Integrated Police Network) जैसे पुलिस डेटाबेस के आंकड़े के अनुसार 2015 से 2025 तक हजारों लोग राजधानी में गायब हुए हैं। इनमें से कई लोगों का पता पुलिस अब तक नहीं लगा पाई है।

कई बच्चे और लड़कियों शामिल

दिल्ली पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक साल 2026 के शुरुआती 27 दिनों में कुल 807 लोग लापता हुए हैं। इनमें से 235 लोगों को ट्रेस किया गया है, जबकि 572 लोग अब भी अनट्रेस्ड हैं। इसमें 616 वयस्कों के लापता होने की जानकारी सामने आई है, जिसमें से 181 को ढूंढ लिया गया है। इनमें 90 पुरुष और 91 महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 435 वयस्क अभी भी लापता हैं।

आंकड़ों पर गौर करें तो 191 नाबालिग लापता हुए हैं, जिनमें से 48 बच्चों को ट्रेस किया गया है। इनमें 29 लड़कियां और 19 लड़के शामिल हैं, जिन्हें पुलिस ने ढूंढ निकाला है। 137 नाबालिग अब तक नहीं मिले हैं।

कई लोगों का नहीं मिला कोई सुराग

पुलिस के डेटा के अनुसार साल 2026 में पहले 27 दिनों में 8 साल तक के 9 बच्चे दिल्ली से गायब हुए जिनमें 6 लड़के थे। तीन लड़कों को ट्रेस किया जा चुका है, जबकि बाकि 6 की तलाश जारी है। इसके अलावा पहले 27 दिनों में 8 से 12 साल के 13 बच्चे लापता हुए, जिनमें से अब तक तीन को ही ट्रेस किया गया है। बाकी 10 बच्चों का सुराग नहीं मिला है।

आंकड़ों के अनुसार 12 से 18 साल के कुल 169 लोग इस दौरान गायब हुए हैं। पुलिस ने इनमें से 48 लोगों को ढूंढ निकाला है और 121 अभी भी लापता हैं।

पिछले साल लापता हुए थे हजारों लोग

पिछले साल के आंकड़ें की बात करें तो साल 2025 में 18 साल तक के 5915 बच्चे दिल्ली में लापता हुए थे। पुलिस ने इनमें से 4424 को ट्रेस कर लिया था और 1491 लापता हैं। वहीं, साल 2016 से 2026 के बीच 18 साल तक के 60694 बच्चे लापता हुए। पुलिस ने इनमें से 53763 को ट्रेस कर लिया है, जबकि 6931 का कोई सुराग नहीं मिला है।

यह भी पढ़ें: मुंबई एयरपोर्ट के रनवे पर दो विमानों की टक्कर, Air India और इंडिगो विमान के पंख टकराए
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 4 February 2026 at 07:08 IST