Delhi: महिलाओं के हाथों में चौकी की कमान, LG ने किया ऑल वुमन पुलिस पोस्ट का उद्घाटन; बताया ऐतिहासिक

All-Women Police Posts: दिल्ली पुलिस ने कहा कि ये महिला पुलिस चौकियां सभी आवश्यक उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मियों से लैस हैं।

 
Follow :
एलजी ने किया महिला पुलिस चौकियों का उद्घाटन | Image: X

All-Women Police Posts in Delhi: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना और पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा ने रविवार को खान मार्केट और श्रद्धानंद मार्ग पर दो ऐसी पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया, जिसमें केवल महिला पुलिसकर्मी तैनात होंगी।

उपराज्यपाल ने कहा, ‘‘मैं दिल्ली पुलिस के इस ऐतिहासिक कदम से बहुत खुश हूं। आज, हमने दो महिला पुलिस चौकियों का उद्घाटन किया। दिल्ली में इस तरह की पुलिस चौकियों की और अधिक जरुरत है।’’ उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाएं अब अपनी समस्याएं महिला अधिकारियों को खुलकर बता सकेंगी और पुलिस बल तुरंत उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगा।

सक्सेना ने कहा कि इस साल की गणतंत्र दिवस परेड में पूरी तरह से महिला टीम को सर्वश्रेष्ठ मार्चिंग दल के रूप में चुने जाने के बाद उन्होंने दिल्ली पुलिस से महिला पुलिस चौकियां स्थापित करने के लिए कहा।

दिल्ली पुलिस में महिलाओं की हिस्सेदारी

सक्सेना ने कहा कि वर्तमान में, दिल्ली पुलिस में महिलाओं की हिस्सेदारी 15.17 प्रतिशत है। उन्होंने कहा 'नारी शक्ति' के दृष्टिकोण का पालन करते हुए ‘‘हम जल्द से जल्द पुलिस बल में महिलाओं की संख्या को 33 प्रतिशत तक बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’ सक्सेना ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने सीधी भर्ती की प्रक्रिया पहले ही शुरू कर दी है। उद्घाटन के बाद सक्सेना ने पुलिस चौकियों के कार्य करने के तरीके को भी जाना।

जरूरी उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मियों से लैस है चौकी

दिल्ली पुलिस ने बाद में एक बयान में कहा कि ये महिला पुलिस चौकियां सभी आवश्यक उपकरणों और प्रशिक्षित कर्मियों से लैस हैं।

खान मार्केट का क्षेत्र अपने महानगरीय माहौल और अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के लिए जाना जाता है। यहां बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों के लोग आते हैं।

पुलिस उपायुक्त (मध्य दिल्ली) एम. हर्षवर्धन ने कहा, ‘‘यहां कई रेस्तरां, दुकानें और आवास हैं। विदेशी प्रतिनिधियों, अतिविशिष्ट लोगों और पर्यटकों की पर्याप्त आमद के साथ, खान मार्केट का इलाका नयी दिल्ली की जीवंतता को प्रदर्शित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।’’

पूजा सैनी को खान मार्केट चौकी का प्रभार

पुलिस उप-निरीक्षक पूजा सैनी को खान मार्केट चौकी का प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें नौ महिला अधिकारियों का सहयोग मिलेगा।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि खान मार्केट की चौकी 2016 में स्थापित की गई थी और यह कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए अहम साबित हुई है। श्रद्धानंद मार्ग पर स्थित पुलिस चौकी का उद्देश्य महिला पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करके महिला शिकायतकर्ताओं को सुविधा प्रदान करना है।

यह भी पढे़ं: 'हम चाहते हैं NIA शेख शाहजहां को घसीटते हुए...', संदेशखाली मामले पर फूटा BJP नेत्री का गुस्सा

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 18 February 2024 at 22:52 IST