अपडेटेड 7 February 2026 at 19:26 IST
लापरवाही पर दिल्ली पुलिस का एक्शन, जनकपुरी में खुले गड्ढे में बाइक सवार की मौत के बाद जल बोर्ड का सब-कॉन्ट्रैक्टर गिरफ्तार
Delhi Police Action: जनकपुरी में खुले गड्ढे में गिरकर 25 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत के मामले में पुलिस ने दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को हिरासत में लिया है। पुलिस ने दुर्घटना का मुख्य कारण कंस्ट्रक्शन साइट पर लापरवाही को बताया है।
Janakpuri: दिल्ली के जनकपुरी में खुले गड्ढे में गिरकर 25 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार की मौत के बाद दिल्ली पुलिस एक्शन में आ गई है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को दिल्ली जल बोर्ड (DJB) के सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को हिरासत में लिया है। इस घटना के बाद सुरक्षा में लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी है।
अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज
दिल्ली पुलिस मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर कर रही है। बताया जा रहा है कि जिस गड्ढे में कमल ध्यानी की मौत हुई है, वह दिल्ली जल बोर्ड द्वारा मरम्मत के लिए खोदा गया था। इसके बाद जनकपुरी थाने में ठेकेदार और दिल्ली जल बोर्ड के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। इसके अलावा पुलिस ने दुर्घटना का मुख्य कारण कंस्ट्रक्शन साइट पर लापरवाही को बताया है।
लापरवाही की हद पार
पुलिस के अनुसार, हादसे वाली रात उसी सड़क से गुजर रहे एक परिवार ने कमल को गड्ढे में गिरते देखा था। परिवार ने तुरंत मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड और पास के एक व्यक्ति को इसकी जानकारी दी। बाद में पता चला कि तंबू में रहने वाला व्यक्ति सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति का कर्मचारी है और उसने बिना देर किए यह सूचना प्रजापति को भी दे दी थी, लेकिन कथित तौर पर उसने कोई कार्रवाई नहीं की और घटना को अनदेखा कर दिया।
सूचना मिलने के बाद की अनदेखी
पुलिस जांच में सामने आया है कि रात करीब 12.22 बजे उसे घटना की सूचना मिली। वह रात में मौके पर पहुंचा और गड्ढे में गिरी मोटरसाइकिल देखी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की और न ही प्रशासन या आपात सेवाओं को सूचना दी। फिलहाल प्रजापति से पूछताछ की जा रही है और कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज व साइट दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और गिरफ्तारियां भी हो सकती हैं।
आठ घंटे से ज्यादा गड्ढे में रहा युवक
मामले में मेडिकल विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर मदद मिलने से उसकी जान बच सकती थी। पीड़ित आठ घंटे से ज्यादा समय तक गड्ढे में रहा और अगली सुबह 8:00 बजे एक राहगीर ने उसे देखा। दिल्ली सरकार ने पहले ही तीन DJB इंजीनियरों को सस्पेंड कर दिया है और जांच के आदेश दिए हैं। दिल्ली के गृह मंत्री आशीष सूद ने कहा है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी और जिम्मेदारी हर स्तर पर तय की जाएगी।
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 7 February 2026 at 19:26 IST