अपडेटेड 30 June 2024 at 16:48 IST

कसमें-वादे सब टूट रहे, चुनाव के साथी अब पीछे छूट रहे! दिल्ली में टूटने वाला है INDI गठबंधन?

INDI Alliance लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए बना था। जब से इसकी बुनियाद पड़ी थी तब से ही आपस में फूट और तकरार देखने को मिलती रही है।

Follow :  
×

Share


दिल्ली में टूटने वाला है INDI गठबंधन? | Image: Republic

INDI Alliance News: लोकसभा चुनाव में NDA को हराने के लिए देश भर की विपक्षी पार्टियों ने INDI गठबंधन बनाया था। विपक्ष का ये राजनीतिक परिवार आधा चुनाव से पहले टूट गया और कुछ पार्टियां चुनाव में मिली हार के बाद बिखरना शुरू हो गई हैं। चुनाव से पहले विपक्ष के नेताओं ने एक मंच पर आकर एक-दूसरे का हाथ पकड़कर जो वादे किए थे, जो कसमें खाई थीं ना वो कसमें पूरी हुई ना वो वादे अंजाम तक पहुंचे। लोकसभा चुनाव का रिजल्ट आए एक महीना भी नहीं हुआ कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोस्त से दुश्मन बनते दिखाई देने लगे हैं।

दिल्ली में पड़ी भीषण गर्मी के बीच राजधानी में लोगों को पानी के लिए संघर्ष करते सबने देखा। दिल्ली में जलसंकट को लेकर पहले कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) सरकार का विरोध किया और अब लोकसभा चुनाव में हार के लिए केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार को जिम्मेदार ठहरा रही है। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी (AAM Aadmi Party) और कांग्रेस (Congress) में टसल रह रहकर दिख रही है। हालात ये हैं कि अब कांग्रेस नेताओं के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म केजरीवाल सरकार को कोसने वाली पोस्टों से पटे पड़े हैं। दिल्ली में जलसंकट से लेकर जलभराव को लेकर केजरीवाल सरकार पर हमला बोला जा रहा है।

देवेंद्र यादव ने AAP को घेरा

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र यादव (Devender Yadav) AAP सरकार पर सीधा हमला कर रहे हैं। भारी बारिश के बाद जलमग्न दिल्ली की हालत पर उन्होंने कहा कि AAP के झूठे विकास की पोल खुल रही है। इसके अलावा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मलका गंज क्षेत्र में गंदे पानी, सीवर लाइन और जल भराव जैसे मुद्दों पर भूख हड़ताल भी की। दिल्ली सरकार पर गहरी नींद में सोने का आरोप लगाया।

AAP को दिलाई कांग्रेस सरकार की याद

दिल्ली में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के रास्ते जुदा दिख रहे हैं। पहले जलसंकट पर केजरीवाल सरकार का घेराव किया और अब लोकसभा चुनाव में हार का ठीकरा भी केजरीवाल पर फोड़ना तो यही दिखा रहा है कि गठबंधन टूटने वाला है। कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त ने चुनाव में हार का ठीकरा केजरीवाल के सिर पर फोड़ा है। अभिषेक का कहना है कि दिल्ली की सभी सीटें हारने के पीछे का कारण अरविंद केजरीवाल का भ्रष्टाचार है। केजरीवाल ने जो दावे किए थे वो सारे हवा हवाई ही थे। देवेंद्र यादव ने भी उन 15 सालों की याद दिलाई जब कांग्रेस सत्ता में थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब केजरीवाल सरकार के राज में दिल्ली की स्थिति दयनीय है। हालांकि दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोच समझकर बोलने की नसीहत दी है।

2025 का विधानसभा चुनाव अकेले लड़ेगी AAP

विपक्ष ने गठबंधन लोकसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से हटाने के लिए बना था। जब से इसकी बुनियाद पड़ी थी तब से ही आपस में फूट और तकरार देखने को मिलती रही। अब जिस तरह से एक दूसरे पर आरोप और प्रत्यारोप किया जा रहा है उससे लगता है कि राहें जल्द ही जुदा हो जाएंगी। इससे पहले आम आदमी पार्टी ऐलान कर चुकी है कि बिना गठबंधन के अकेले दम पर विधानसभा चुनाव लड़ेगी। अब कांग्रेस का लगातार AAP पर निशाना साधना बताता है कि रिश्तों में पूरी तरह खटास आ गई है। दिल्ली में अगले साल विधानसभा का चुनाव होना है। 

ये भी पढ़ें: 'राज्य में बदलाव की जरूरत', महाराष्ट्र चुनाव में गठबंधन को लेकर शरद पवार ने किया बड़ा ऐलान

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 30 June 2024 at 16:48 IST