DC Vs GT: दिल्ली स्टेडियम में चल रहा मैच, एंट्री गेट पर हरे रंग के लावारिस बैग मिलने से मचा हड़कंप; पुलिस ने खोला तो...
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। अंदर करीब 41 हजार लोग मैच देख रहे हैं।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (DC) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच मुकाबला खेला जा रहा है। अंदर करीब 41 हजार लोग मैच देख रहे हैं। इस बीच दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 5 के बाहर एक संदिग्ध लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया। इसके अलावा आईपीएल मैच देखने आने वाले दर्शकों के लिए बनाए गए एंट्री गेट नंबर 16 और 17 के पास भी एक लावारिस बैग रखा हुआ मिला।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और बम स्क्वॉड टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे हिस्से को कॉडर्न ऑफ किया गया। स्निफर डॉग को भी मौके पर लाया गया। काफी छानबीन के बाद जब बैग की तलाशी ली गई तो उसके अंदर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिला। बैग में सिर्फ कपड़े थे।
मैच के चलते बदली गई है दिल्ली मेट्रो की टाइमिंग
गौरतलब है कि, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने आईपीएल मैच को देखते हुए यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है। सामान्य दिनों की तुलना में आज मेट्रो सेवाओं का समय 1 से 2 घंटे तक बढ़ाया जाएगा। खासतौर पर पिंक लाइन पर आखिरी मेट्रो रात 2:20 बजे तक चलेगी, ताकि मैच खत्म होने के बाद भी लोगों को घर लौटने में परेशानी न हो।
इसके अलावा अन्य लाइनों पर भी जरूरत के अनुसार देर रात तक मेट्रो सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। मैच समाप्त होने के बाद अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास स्थित दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन और आईटीओ मेट्रो स्टेशन पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने इन रूट्स पर 76 अतिरिक्त मेट्रो फेरे चलाने का निर्णय लिया है। इस कदम से यात्रियों को लंबी कतारों और भीड़भाड़ से राहत मिलेगी, जिससे वे बिना किसी जल्दबाजी के आराम से मैच का आनंद लेकर सफर कर सकेंगे।
कैब और टैक्सी सेवाओं के लिए भी अलग पिकअप प्वाइंट
मेट्रो के साथ-साथ कैब और टैक्सी सेवाओं के लिए भी अलग पिकअप प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। यह सुविधाएं गेट नंबर 2, मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज, आईटीओ से दिल्ली गेट रोड, राजघाट चौक और रिंग रोड की सर्विस लेन पर उपलब्ध रहेंगी। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ‘पार्क एंड राइड’ सेवा भी शुरू की गई है।
इसके तहत माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस, वेलोड्रोम रोड और शांति वन पार्किंग से बसें संचालित होंगी। ये बसें मैच शुरू होने से दो घंटे पहले और समाप्ति के एक घंटे बाद तक चलेंगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन और ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निजी वाहनों के बजाय मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का अधिक से अधिक उपयोग करें, ताकि भीड़भाड़ और ट्रैफिक की समस्या से बचा जा सके।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 8 April 2026 at 22:05 IST