Heavy Rain: जोरदार बारिश से दिल्ली-NCR में भारी जलभराव, सड़कों पर ट्रैफिक जाम, रेंग रही गाड़ियां; ऑफिस से घर लौटने वालों को भारी परेशानी, VIDEO
दिल्ली-एनसीआर में हुई झमाझम बारिश ने एक तरफ मौसम सुहावना बनाया, तो दूसरी तरफ ऑफिस से घर लौटते लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। तेज बारिश के बाद राजधानी की सड़कों पर भीषण जलभराव हो गया, जिससे कई इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
- भारत
- 3 min read
राजधानी दिल्ली और आसपास के NCR इलाकों में हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर नागरिक सुविधाओं की पोल खोलकर रख दी है। तेज बारिश के बाद सड़कों पर लबालब भरे पानी ने दिल्ली की तेज रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। दफ्तरों से छुट्टी के समय हुई इस बारिश के कारण घर लौट रहे कामकाजी लोगों, वाहन चालकों और आम जनता को घंटों तक ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ रहा है।
सड़कों पर भरा पानी, रेंगती दिखीं गाड़ियां
बारिश की वजह से दिल्ली के प्रमुख चौराहों और मुख्य सड़कों पर भारी जलभराव हो गया है। कई फीट तक पानी भर जाने से गाड़ियां सड़कों पर रेंगती हुई नजर आ रही हैं। जलभराव के चलते जगह-जगह वाहन खराब हो रहे हैं, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई है। आईटीओ, धौलाकुआं और रिंग रोड जैसे व्यस्त मार्गों पर भी वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। सोशल मीडिया पर भी इस स्थिति के कई वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें सड़कों पर बना यह तबाही जैसा नजारा साफ देखा जा सकता है।
टी-पॉइंट पर बुरा हाल, कई इलाकों का संपर्क प्रभावित
बारिश का सबसे गंभीर असर टी-पॉइंट के आसपास देखने को मिला है। यहां भारी मात्रा में पानी जमा हो जाने के कारण यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। इस जलभराव की वजह से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे , गुरुग्राम, छतरपुर और वसंत विहार की ओर जाने वाले रास्ते बेहद प्रभावित हुए हैं। एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय पर फ्लाइट पकड़ने की चिंता सता रही है, वहीं गुरुग्राम जाने वाले नौकरीपेशा लोग घंटों से जाम में फंसे हुए हैं।
ऑफिस से घर लौटने वालों की बढ़ी मुसीबतें
शाम के समय जब लोग अपने दफ्तरों से घर लौटने की तैयारी में थे, तभी हुई इस मूसलाधार बारिश ने उनकी परेशानियों को कई गुना बढ़ा दिया। पटरियों और मुख्य रास्तों पर पानी भरा होने के कारण पैदल चलने वालों को भी भारी दिक्कत हो रही है। कैब और ऑटो मिलने में भी लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस व्यवस्था संभालने में जुटी हुई है, लेकिन जल निकासी के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण राहत मिलने में काफी समय लग रहा है।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 7 August 2026 at 19:00 IST