गुरुग्राम में डिवाइडर से टकराकर चकनाचूर हुई तेज रफ्तार THAR, तीन युवतियों-दो युवकों की मौके पर मौत; VIDEO में देखिए दर्दनाक मंजर
दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार तड़के रफ्तार का खौफनाक कहर देखने को मिला। नेशनल हाइवे 46 के एग्जिट 9 पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
Gurugram Road Accident: दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार तड़के रफ्तार का खौफनाक कहर देखने को मिला। नेशनल हाइवे 46 के एग्जिट 9 पर तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक शख्स गंभीर रूप से घायल है। मरने वालों में तीन युवतियां और दो युवक शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, यह हादसा शनिवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ।
काले रंग की थार कार (UP81 CS 2319) में छह लोग सवार थे जो किसी काम से गुरुग्राम आए थे। जैसे ही उनकी गाड़ी राजीव चौक की ओर जाने के लिए हाईवे के एग्जिट 9 से उतरी, वैसे ही तेज रफ्तार के कारण कार पर से नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही 5 लोगों की मौत हो गई।
एक युवती की हुई पहचान
घटना की जानकारी लगते ही मौके पर पुलिस पहुंची है और शवों को कब्जे में लिया है। पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है। एक युवती की पहचान प्रतिष्ठा मिश्रा के तौर पर सामने आई है। 6 में से 5 लोगों की मौत हुई है और एक की हालत गंभीर है और उसे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। परिवार के लोगों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। सभी मृतक युवा थे और कार में सफर कर रहे थे।
आपको बता दें कि पिछले साल भी इसी तरह की एक घटना में, दो छात्रों की मौत हो गई थी और तीन अन्य घायल हो गए थे, जब एक तेज रफ्तार कार लेन बदलने के बाद नियंत्रण खो बैठी और एक अन्य कार और एक मोटरसाइकिल से टकरा गई। यह दुर्घटना तब हुई जब गाड़ी का पिछला टायर फट गया, जिससे कार सड़क के दूसरी ओर जा गिरी। कार पहले एक खंभे से टकराई, फिर विपरीत दिशा से आ रहे एक अन्य वाहन से टकराई और फिर एक मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिससे मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 27 September 2025 at 08:38 IST