ग्रेटर नोएडा में थार नहर में गिरी या फिर डुबोई गई? रीना की मौत पर उठे सवाल; भाई बोला- दहेज और तलाक का था दबाव, ये हादसा नहीं हत्या है

ग्रेटर नोएडा में एक थार नहर में गिर गई, रीना नाम की महिला थार चला रही थी, स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला को पानी से निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जानें क्या है पूरा मामला?

 
Follow :
थार नहर में गिरी, भाई ने पति पर लगाए गंभीर आरोप | Image: Republic

ग्रेटर नोएडा के दनकौर से दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक महिला महिंद्रा थार समेत नहर में गिर गई। इस हादसे में 30 साल की रीना की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पति की मौके पर जान बच गई, जिसके बाद मृतिका के परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं। ऐसे में दोनों परिवारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया है।

नोएडा पुलिस के मुताबिक, डायल-112 पर सूचना मिली कि ग्राम भट्टा पुलिया के पास रजिस्ट्रेशन नंबर UP16EF4073 की थार अनियंत्रित होकर नहर (रजवाहे) में जा गिरी। दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को निकाला गया और अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पति ने दी सफाई

मृतका के पति मोहित ने बताया कि वे पत्नी रीना के साथ मथुरा से लौट रहे थे। पुलिस चेकपोस्ट के पास अचानक गाड़ी का नियंत्रण खो गया और वाहन नहर में गिर गया। वे किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन रीना गहरे पानी में डूब गईं।

भाई बोला- हादसा नहीं हत्या है

मृतका के भाई सोनू शर्मा (बुलंदशहर के खारोल गांव निवासी) ने इसे साधारण हादसा मानने से इनकार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि बहन को जानबूझकर डुबोया गया। सोनू के मुताबिक, करीब 6 साल पहले हुई शादी के बाद पिछले 15-20 दिनों से पति तलाक का दबाव बना रहे थे। दंपति का 5 साल का बेटा भी है। भाई ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर गहन जांच चल रही है। ऐसे मामलों में पोस्टमार्टम और सीसीटीवी और गवाह बयान महत्वपूर्ण साबित होते हैं। पुलिस को अलग-अलग एंगल से जांच करनी होगी।   

यह भी पढ़ें: दिल्‍ली-NCR में मौसम होगा सुहाना, यूपी और बिहार का क्या होगा हाल?

Published By : Nidhi Mudgill

पब्लिश्ड 28 July 2026 at 09:02 IST