दिल्ली में फ्री बिजली, CM रेखा गुप्ता ने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए लॉन्च किया पोर्टल, सोलर पैनल का भी खर्चा नहीं उठाना, जानिए स्कीम

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana: दिल्ली में अब पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू हो चुकी है। सीएम रेखा गुप्ता ने इस योजना के रजिस्ट्रेशन के लिए एक नया पोर्टल लॉन्च कर दिया है। ग्राहकों को इस पोर्टल पर जाकर इस योजना के लिए आवेदन करना होगा।

 
Follow :
pm surya ghar free bijli yojana | Image: Rekha Gupta X

दिल्ली में अब पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू हो चुकी है। सीएम रेखा गुप्ता ने आज सोमवार 21 सितंबर को इस योजना के रजिस्ट्रेशन के लिए एक नया पोर्टल लॉन्च कर दिया है। ग्राहकों को इस पोर्टल पर जाकर इस योजना के लिए आवेदन करना होगा। इस अवसर पर विद्युत मंत्री आशीष सूद भी उपस्थित रहे।

'डबल-इंजन' सरकार की बड़ी उपलब्धि

इस अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा "यह बहुत खुशी का पल है और इसे दिल्ली में PM के नेतृत्व वाली 'डबल-इंजन' सरकार की एक बड़ी उपलब्धि माना जा सकता है, जिससे दिल्ली के लोगों को सीधा फ़ायदा होगा। जहाँ पिछली सरकारें मुफ़्त चीज़ों की राजनीति में लगी रहती थीं, वहीं मौजूदा सरकार विकास की राजनीति करती है इसलिए, 'PM सूर्य घर मुफ़्त बिजली योजना' दिल्ली में ग्रीन एनर्जी पैदा करने की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी। 

क्या है ये योजना 

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को पीएम मोदी ने फरवरी 2024 में लॉन्च किया था। इस योजना के तहत भारत सरकार रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाकर पूरे देश में 1 करोड़ घरों को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराती है। इसके लिए 3 KW की क्षमता वाले सोलर पैनल पर भारत सरकार 78,000 रुपये तक की अधिकतम सब्सिडी भी देती है।  

दिल्ली में पूरी तरह फ्री है योजना 

दिल्ली में यह योजना पूरी तरह फ्री उपलब्ध कराई जा रही है। केंद्र सरकार की 78,000 रुपये की सब्सिडी के अतिरिक्त दिल्ली सरकार 78,000 रुपये की सब्सिडी प्रदान कर रही है। इससे दिल्ली वासियों को यह योजना पूरी तरह मुफ़्त में मिलेगी। 

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा “दिल्ली सरकार 3 किलोवाट तक की क्षमता वाले सोलर पैनल लगाने का पूरा खर्च उठाएगी, यानी उपभोक्ता को एक भी रुपया खर्च नहीं करना पड़ेगा। यह उनके लिए ज़ीरो कॉस्ट पर होगा। 3 kW से ऊपर के सोलर रूफटॉप पर केंद्र सरकार ₹78,000 और दिल्ली सरकार ₹78,000 की सहायता देगी। यानी कुल ₹1.56 लाख तक की सब्सिडी।” 

दिल्ली के 2.30 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य 

रेखा गुप्ता ने आगे कहा “पीएम मोदी जी के नेतृत्व में हमारा प्रयास है कि दिल्लीवासी बिजली खुद बनाएं, बिजली के खर्च से राहत पाएं और उनकी बचत बढ़े। मार्च 2027 तक दिल्ली के 2.30 लाख घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य है। दिल्लीवासियों से मेरा आग्रह है, आगे आइए, रजिस्ट्रेशन कराइए और इस योजना का पूरा लाभ उठाइए।” 

पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर काम करेगी योजना 

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि यह योजना 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर काम करेगी। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के लोगों के लिए पोर्टल लॉन्च किया जा चुका है। नागरिक इस पर जाकर रजिस्टर कर सकते हैं। 

कौन सा है पोर्टल 

दिल्ली सरकार ने www.solar.delhi.gov.in के नाम से नया पोर्टल लॉन्च किया है। दिल्लीवासी इस पोर्टल पर जाकर पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें- दिल्ली में बारापुला फेज-3 बनकर तैयार, अमित शाह इस दिन करेंगे उद्घाटन

 

Published By : Kritarth Sardana

पब्लिश्ड 21 September 2026 at 18:25 IST