Delhi: 'देश की साख पर धब्बा, जिम्मेदार कौन?', आवारा कुत्तों के हमले में 2 विदेशी कोच घायल, BJP नेता ने SC के फैसले पर खड़े किए सवाल
Stray dogs attack: दिल्ली के जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के बीच जापानी और केन्याई कोच कुत्तों के हमले से घायल हो गए है। इसके बाद MCD हरकत में आई और स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों को पकड़ने के अभियान में जुट गई।
Delhi news: दिल्ली के जवाहरलाल स्टेडियम में विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप के बीच विदेशी कोचों पर आवारा कुत्तों के हमले का मामला तूल पकड़ रहा है। कुत्तों ने जापान और केन्या के कोट को काटा, जिसमें दोनों घायल हुए हैं। इसके अलावा चार सुरक्षाकर्मी भी कुत्तों के हमले का शिकार हुए। इस पर BJP नेता का कहना है कि ऐसी घटनाओं से दुनिया में भारत की बेइज्जती होती है। उन्होंने कुत्तों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भी सवाल खड़े किए।
केन्या-जापान के कोच को कुत्तों ने काटा
जानकारी के अनुसार आवारा कुत्तों के हमले ने केन्या के कोच डेनिस मरागिया पर ने हमला किया। इससे उनके पैर में जख्म हुआ और खून निकलने लगा। वहीं, इसके बाद जापान की कोच मेइको ओकुमात्सु भी वॉर्म-अप ट्रैक के पास ट्रेनिंग सत्र के दौरान कुत्ते के हमले का शिकार हुईं। दोनों को पहले तो मेडिकल रूप में प्राथमिक उपचार दिया गया और फिर सफदरजंग अस्पताल रेफर किया। दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
BJP नेता विजय गोयल ने उठाया मुद्दा
BJP नेता विजय गोयल ने कुत्तों के इस हमले का मुद्दा उठाया। उन्होंने एक्स (ट्विटर) पर एक वीडियो जारी किया और लिखा, "दिल्ली के जेएलएन स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स के दौरान जापान और केन्या के कोचों को आवारा कुत्तों ने काट लिया। यह देश की साख पर धब्बा है। क्या सुप्रीम कोर्ट के जज, जिन्होंने कुत्तों को सड़कों पर खुला छोड़ने का आदेश दिया था, अब इसकी जिम्मेदारी लेंगे? देश बदनाम हो रहा है, जिम्मेदार कौन?"
वहीं, इन घटनाओं के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) हरकत में आया। MCD की टीमें स्टेडियम परिसर और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों को पकड़ने के अभियान में जुट गई हैं। इसके लिए चार टीमें भी बनाई गई है।
SC के फैसले पर मच गया था बवाल
गौरतलब है कि 11 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने अपने एक आदेश में दिल्ली-NCR में सभी आवारा कुत्तों को सड़कों से हटाकर अस्थायी रूप से शेल्टर में रखने को कहा था, जिस पर खूब बवाल मचा। डॉग लवर्स सड़कों पर आ गए और फैसले का विरोध करने लगे। इसके बाद 22 अगस्त को कोर्ट ने अपने आदेश को संशोधित किया। कोर्ट ने आदेश देते हुए कहा था कि आवारा कुत्तों को टीका लगाने और नसबंदी करने के बाद उसी जगह छोड़ दिया जाए। हिंसक और बीमार कुत्ते ही शेल्टर होम में रहेंगे। कोर्ट ने पब्लिक प्लेस पर आवारा कुत्तों को खाना खिलाने पर भी रोक लगा दी थी।
यह भी पढ़ें: MP: छिंदवाड़ा में 'जहरीला' कफ सिरप लिखने वाला डॉक्टर गिरफ्तार, 14 बच्चों की मौत के बाद एक्शन में आया प्रशासन
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 5 October 2025 at 11:04 IST