दिल्ली के करतार नगर में फायरिंग से हड़कंप, ट्यूशन से घर लौट रहे 6 साल के बच्चे को लगी गोली; 24 घंटे में दूसरा मासूम बुलेट से जख्मी

Delhi: दिल्ली में बीते 24 घंटे के भीतर हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं में 6 और 12 साल के दो मासूम बच्चों को गोली लगी है। इस घटना में दोनों जख्मी हो गए। न्यू उस्मानपुर मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किया है।

 
Follow :
firing in delhi Kartar Nagar | Image: ANI

Firing Incident in Delhi's Kartar Nagar: दिल्ली के करतार नगर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों की अंधाधुंध गोलीबारी से पूरा इलाका दहल उठा। इस गोलीबारी की चपेट में आने से एक 6 साल का मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जानकारी के मुताबिक, वारदात के दौरान एक गोली सीधे मासूम के पैर में जा लगी। लहूलुहान हालत में बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

बच्चे के पैर में लगी गोली

घायल बच्चे की मां रूबी ने इस दिल दहला देने वाली घटना के बारे में बताया। उन्होंने कहा, 'मेरा बच्चा ट्यूशन से लौट रहा था। मेरी किसी से कोई कहासुनी या झगड़ा नहीं था। जो व्यक्ति बच्चे को वापस ला रहा था, उसने उन्हें रुकने का इशारा भी किया, लेकिन दूसरी तरफ वाले लोग नहीं रुके।'

मासूम बेवजह हिंसा का शिकार- बच्चे की मां 

उन्होंने आगे कहा, 'यहां आपस में झड़प हो रही थी और गोलियां चल रही थीं। परिवार का किसी से कई विवाद नहीं है। मेरा बच्चा बेवजह हिंसा का शिकार हो गया। मुझे अभी तक अपने बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है। उसके पैर में गोली लगी है। वह 6 साल का है और तीसरी कक्षा में पढ़ता है।' फिलहाल पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

June 1, 2026

न्यू उस्मानपुर इलाके में गोलीबारी

इससे पहले उत्तर पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में गोलीबारी की भी घटना की घटना हुई। दिल्ली पुलिस ने बताया कि सूचना मिलते ही मौके पर टीम पहुंची। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि न्यू उस्मानपुर के चौथे पुश्ता इलाके में एक कैटरर धर्मेंद्र (43 वर्ष) के घर के सामने तीन लोगों ने गोलीबारी की थी। इस घटना के दौरान वहां से गुजर रहे 12 साल के एक लड़के के पैर में गोली लगने से चोट लग गई, जिसका इलाज फिलहाल JPC अस्पताल में चल रहा है।

June 1, 2026

दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

पुलिस के मुताबिक, क्राइम सीन का मुआयना फोरेंसिक टीम ने किया, जिसने वहां से जरूरी सबूत इकट्ठा किए। PS न्यू उस्मानपुर में कानून की संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज किया जा रहा है। तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों के बारे में जानकारी फैलाई गई और पुलिस टीमों को अलग-अलग नाकों पर तैनात किया गया। इसके परिणामस्वरूप, इस अपराध में शामिल दो आरोपियों, प्रांकुर (29 वर्ष) और हर्ष (22 वर्ष) को पकड़ लिया गया। उनके कब्जे से एक देसी राइफल बरामद की गई है।

उन्होंने आगे कहा कि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं। इस मामले में आगे की जांच चल रही है।

यह भी पढ़ें: 'कर्मों का फल भुगतना ही पड़ता है...', अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले को लेकर RG कर पीड़िता की मां की तीखी प्रतिक्रिया, ममता बनर्जी को भी लपेटा
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 2 June 2026 at 07:47 IST