अपडेटेड 28 June 2024 at 18:58 IST

IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-1 हादसे में FIR दर्ज, दिल्ली पुलिस ने लगाई धारा 304A और 337; क्या हैं मायने?

IGI Airport Accident: दिल्ली में भारी बारिश के बीच शुक्रवार को IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-1 पर छत का एक हिस्सा कैब पर गिर गया। इस हादसे में एक की मौत और 6 घायल हैं।

Follow :  
×

Share


IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-1 हादसे में FIR दर्ज | Image: PTI

Delhi Airport Roof Collapse: दिल्ली के IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-1 पर शुक्रवार को छत का एक हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज करली है। दिल्ली के डोमेस्टिक एयरपोर्ट थाने में अज्ञात के खिलाफ IPC की धारा 304A, और 337 के तहत केस दर्ज किया गया है। दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर के बयान पर FIR दर्ज हुई है। 

दिल्ली में भारी बारिश के बीच शुक्रवार को सुबह करीब 5 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा वाहनों पर गिर गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 6 अन्य लोग घायल हैं। ये हादसा टर्मिनल-1 के पिक-अप और ड्रापिंग जोन में हुआ। गनीमत ये रही कि हादसे के समय बहुत कम लोग वहां मौजूद थे और ट्रैफिक भी सीमित था। 

दिल्ली पुलिस ने लगाई 304A और 337

इस हादसे में जान गवाने वाले शख्स की पहचान रमेश कुमार (45) के रूप में हुई है, जो दिल्ली के रोहिणी के रहने वाले थे। घायलों की पहचान संतोष यादव, दशरथ, अरविंद, साहिल, योगेश और शुभम के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस ने FIR में 304A और 337 लगाई है। 304A लापरवाही से मौत और 337 दूसरे के जीवन और व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए लगाई जाती है।

घटना के समय ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने बताया कि शहतीरों का वजन बहुत अधिक था, इसलिए हमने तत्काल अग्निशमन विभाग को क्रेन मशीन भेजने को कहा। अग्निशमन कर्मी और उनके अधिकारी भी सुबह करीब साढ़े पांच बजे क्रेन के साथ मौके पर पहुंच गए थे। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की पुलिस उपायुक्त उषा रंगनानी ने बताया कि जहां पर छत गिरी है उसकी घेराबंदी कर दी है और टीम तैनात की गई है ताकि सुनिश्चित किया जा सके कि वहां तक कोई न जा सके।

जांच के लिए बनी समिति

दिल्ली हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लि. (डायल) ने घटना की जांच के लिए एक तकनीकी समिति गठित की है जो जल्द से जल्द जांच रिपोर्ट देगी। डायल ने कहा कि शुरुआती जांच में घटना का कारण भारी बारिश हो सकता है। डायल ने कहा कि शहर में रातभर भारी बारिश और हवाओं के कारण टर्मिनल-1 (T-1) की छत एक हिस्सा ढह गया। घटना के बाद T-1 पर उड़ान परिचालन ठप हो गया है। टर्मिनल-1 का उपयोग इंडिगो और स्पाइसजेट की घरेलू उड़ानों के लिए किया जाता है।

ये भी पढ़ें: दुल्हन का जोड़ा, हाथ में सिंदूर और पीछे-पीछे ढोल-नगाड़े; प्रेमी से धोखा मिला तो घर पहुंच गई 3 बच्चों की मां

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 28 June 2024 at 18:38 IST