Delhi: अश्लील मैसेज और रात में छात्राओं को कमरे में बुलाकर... 17 छात्राओं ने किया आश्रम के 'गंदे खेल' का खुलासा, चैतन्यानंद सरस्वती फरार
दिल्ली के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट की 17 छात्राओं ने स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर यौन शोषण के आरोप लगाए हैं। पीड़ित छात्राएं EWS स्कॉलरशिप पर पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट (PGDM) कर रही हैं।
Delhi News : धर्म के नाम पर लोगों की भावनाओं और आस्था के साथ खिलवाड़ का धंधा भारत में बंद होने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला दिल्ली के वसंत कुंज इलाके का है। यहां श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट की छात्राओं ने स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर उर्फ पार्थ सारथी उर्फ डॉ. पार्थासारथी पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती इंस्टीट्यूट से जुड़े एक प्रमुख आश्रम का निदेशक है।
स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर अब तक 5 FIR दर्ज हो चुकी हैं। ये आरोप धोखाधड़ी, यौन उत्पीड़न और फर्जी राजनयिक नंबर प्लेट के इस्तेमाल से जुड़े हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद से स्वामी चैतन्यानंद फरार है, और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। इस मामले ने न केवल धार्मिक संस्थानों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर दिए हैं, बल्कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राओं के खिलाफ व्यवस्थित शोषण का भी भंडाफोड़ किया है, क्योंकि पीड़ित लडकियां EWS कोटे से हैं।
अब तक 5 FIR दर्ज
चैतन्यानंद के खिलाफ मठ ने धोखाधड़ी की शिकायत जून-जुलाई में दी थी, जबकि मठ में छात्राओं के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत अगस्त में दी गई। चैतन्यानंद के खिलाफ दर्ज 5 FIR में 2 FIR 2009 और 2016 की हैं। तीसरी FIR मठ में धोखाधड़ी, चौथी FIR छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और पांचवी FIR फर्जी डिप्लोमैट नंबर प्लेट इस्तेमाल करने की है।
पुलिस चैतन्यानंद की तलाश में दिल्ली, हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड और राजस्थान में रेड कर रही है। पीड़ित लडकियां EWS कोटे से है और अलग-अलग राज्य की हैं। ये सभी पीड़ित मठ की जमीन पर बने इंस्टीट्यूट के हॉस्टल में रहती थी।
बार-बार बदलता था नंबर प्लेट
यौन उत्पीड़न का आरोपी स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती अपनी लाल गाड़ी में बार-बार नंबर प्लेट बदलता रहता था। सभी नंबर प्लेट पर UN लिखा है और नंबर प्लेट पर डिजिट बदल दी जाती थी। पुलिस को लाल लग्जरी गाड़ी ने UN नंबर की और भी नंबर प्लेट मिली है। बाबा के पास कार की कुल 9 अलग-अलग डिप्लोमेटिक नंबर प्लेट मिली हैं।
देर रात कमरे में बुलाता था
आरोप है कि बाबा देर रात छात्रों को अपने कमरे में बुलाता था, विरोध करने पर छात्राओं को नंबर कम करने और फेल करने की धमकी देता था। पुलिस ने अभी तक 3 वार्डन के बयान दर्ज किए हैं। तीनों पर आरोप है की वो चैतन्यानंद द्वारा किए गए मेसेज को डिलीट करवाती थी। 50 से ज्यादा छात्राओं के फोन चेक किए गए, सभी के फोन से चैतन्यानंद की चैट डिलीट मिली। आरोप है कि बाबा छात्राओं से अश्लील बात करता था। छात्राओं को अपने खर्च पर विदेश घुमाना का लालच देता था।
उड़ीसा का रहने वाला है बाबा
दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी बाबा उड़ीसा का रहने वाला है और करीब 12 साल से यहां आश्रम में रह रहा था। बाबा इस आश्रम का केयरटेकर और संचालक था। 16 लड़कियों के बयान अभी तक कोर्ट में दर्ज हुए हैं। आरोप है कि बाबा लड़कियों को ब्लैकमेल कर रहा था और उन्हें धमकाता भी था। पुलिस के डर से अब बाबा लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा है और मोबाइल का इस्तेमाल न के बराबर करता है। उसकी आखिरी लोकेशन यूपी में आगरा के आसपास मिली थी।
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 24 September 2025 at 16:35 IST