Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में किसानों की महारैली आज, कई प्रमुख सड़कों-चौराहों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन; घर से निकलने से पहले देख लें रूट
किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के वरिष्ठ नेता सरवन सिंह पंढेर ने विभिन्न राज्यों के किसानों, खेतिहर मजदूरों और युवाओं से आज हो रहे आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
- भारत
- 3 min read
Delhi Police Traffic Advisory: आज (21 जुलाई) को पंजाब से बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच के लिए शंभू बॉर्डर पर इकट्ठा हो रहे हैं। 'देश बचाओ मोर्चा' के आह्वान पर नई दिल्ली स्थित किसान घाट पर भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते को रद्द करवाने समेत किसान की मांगों को लेकर यह आंदोलन बुलाया गया है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है।
इस विरोध प्रदर्शन और रैली के कारण दिल्ली में राजघाट और उसके आसपास के इलाकों में टैफिक का दबाव सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रहने की संभावना है। ऐसे में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित रास्तों से बचने की अपील की है।
दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी में कहा, 'नई दिल्ली के किसान घाट पर 21 जुलाई को होने वाले विरोध-प्रदर्शन/रैली को देखते हुए जरूरत के हिसाब से सुबह 08:30 बजे से ट्रैफिक पर पाबंदियां और डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट DTC डिपो रोड और आस-पास के प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें। जो लोग एयरपोर्ट या रेलवे स्टेशन जा रहे हैं, उनसे अनुरोध है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से ही बना लें।'
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से मांगा सहयोग
एडवाइजरी में अनुरोध कर कहा गया है, 'कृपया ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के निर्देशों का पालन करें। केवल तय पार्किंग जगहों पर ही गाड़ी पार्क करें और रियल-टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए नेविगेशन ऐप्स का इस्तेमाल करें। ट्रैफिक को सुचारू और सुरक्षित रूप से मैनेज करने में आपके सहयोग का अनुरोध है।'
कहां-कहा हो सकता है डायवर्जन?
- दिल्ली गेट
- राजघाट क्रॉसिंग
- गुरु नानक चौक
- शांतिवन चौक
- राजघाट DTC डिपो
- आईपी फ्लाईओवर
इन मार्गों पर ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना
- सत्याग्रह मार्ग
- वेलोड्रोम रोड
- राजघाट DTC डिपो रोड
- राजघाट DTC बायपास रोड
- आसपास की सड़कें और संपर्क मार्ग
वहीं जनता के लिए सलाह दी गई है कि यात्री मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें। सड़क किनारे वाहन खड़े करने से बचें, जिससे की ट्रैफिक प्रभावित न हो।
भारत-US ट्रेड डील के खिलाफ किसानों का हल्लाबोल
बता दें कि किसान मजदूर मोर्चा, SKM, BKU एकता संघर्ष और अन्य किसान संगठन भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील का विरोध करने के लिए जुटेंगे। उनका आरोप है कि इस समझौते से भारतीय खेती पर बुरा असर पड़ सकता है। वहीं KMM नेता सरवन सिंह पंढेर ने कई राज्यों के किसानों, मजदूरों और युवाओं से इस शांतिपूर्ण प्रदर्शन में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है। यह प्रदर्शन 21 जुलाई की शाम 4 बजे खत्म हो जाएगा।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 21 July 2026 at 10:02 IST