GRAP-3 भी बेअसर, सांस के मरीज 30% बढ़े, नियमों की उड़ीं धज्जियां...दिल्ली में पिछले पांच साल की सबसे प्रदूषित दीवाली; कई इलाकों में AQI 400 पार
देश की राजधानी दिल्ली में इस बार दिवाली पर पिछले पांच वर्षों में सबसे ज्यादा वायु प्रदूषण दर्ज किया गया। दिवाली के दिन दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 376 रहा।
- भारत
- 4 min read
देश की राजधानी दिल्ली में इस बार दिवाली पर पिछले पांच वर्षों में सबसे ज्यादा वायु प्रदूषण दर्ज किया गया। दिवाली के दिन दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 376 रहा। पटाखों और अन्य प्रदूषणकारी गतिविधियों के कारण रात होते-होते हवा की गुणवत्ता और खराब हो गई। हालांकि प्रदूषण के सबसे गंभीर दौर में दिल्ली के कई वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्रों ने आंकड़े देना बंद कर दिया। इससे सरकारी आंकड़ों की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
आरोप है कि रविवार रात पटाखों के सबसे ज्यादा इस्तेमाल के दौरान कई प्रदूषण निगरानी केंद्र बंद हो गए थे। निजी एजेंसियों के आंकड़ों में दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर सरकारी आंकड़ों के मुकाबले कहीं ज्यादा खतरनाक दिखाई दिया। इससे प्रदूषण की निगरानी और आंकड़ों की सटीकता को लेकर बहस शुरू हो गई है।
प्रदूषण से निपटने के लिए सालभर काम करना जरूरी
पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली में प्रदूषण की समस्या केवल दिवाली तक सीमित नहीं है। इससे निपटने के लिए पूरे साल ठोस कदम उठाने होंगे। सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरनमेंट (CSE) की कार्यकारी निदेशक (रिसर्च एंड एडवोकेसी) अनुमिता रॉय चौधरी ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण की समस्या बार-बार सामने आने की सबसे बड़ी वजह सालभर प्रभावी कार्रवाई का अभाव है।
उन्होंने कहा कि प्रदूषण से निपटने के लिए बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने और स्थायी समाधान खोजने की जरूरत है। पटाखों से बहुत कम समय में बड़ी मात्रा में प्रदूषण फैलता है, जिससे पहले से खराब हवा और ज्यादा जहरीली हो जाती है। दिल्ली के अलावा हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया। कई जगह AQI 350 के पार पहुंच गया।
अस्पतालों में सांस के मरीज करीब 30% बढ़े
प्रदूषण बढ़ने का असर लोगों की सेहत पर भी दिखाई देने लगा है। दिल्ली-एनसीआर के अस्पतालों में सांस लेने में परेशानी और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों की शिकायत लेकर पहुंचने वाले मरीजों की संख्या में करीब 30 फीसदी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
दिल्ली के सीके बिरला अस्पताल में पल्मोनोलॉजी विभाग के निदेशक डॉ. विकास मित्तल ने बताया कि अस्पताल में सामान्य दिनों के मुकाबले ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं। फोर्टिस फरीदाबाद के पल्मोनोलॉजी निदेशक डॉ. रवि शंकर झा के मुताबिक, अस्पतालों में लगातार खांसी, सांस फूलने, गले में जलन और अस्थमा जैसी पुरानी बीमारियों के बढ़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी करीब 10 फीसदी बढ़ी है। हालांकि, त्योहार के कारण कई गंभीर मरीज अस्पताल में भर्ती होने से बच रहे हैं, जो उनकी सेहत के लिए ज्यादा खतरनाक हो सकता है।
डॉक्टरों का कहना है कि प्रदूषण का असर केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं है। बच्चे, युवा और मध्यम आयु वर्ग के लोग भी इससे प्रभावित हो रहे हैं। अस्थमा, दिल की बीमारी और फेफड़ों से जुड़ी पुरानी बीमारियों वाले लोगों के लिए जोखिम ज्यादा है।
एनसीआर के शहरों का हाल
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड यानी सीपीसीबी के मुताबिक, सोमवार सुबह 7 बजे हरियाणा के फरीदाबाद में एक्यूआई 334 दर्ज किया गया, जो कि 'बहुत खराब' की श्रेणी में आता है। जबकि यह गुरुग्राम में 316 दर्ज किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में सुबह 7 बजे एक्यूआई 366 दर्ज हुआ और नोएडा में 340 रहा।
सीपीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई 401 से 500 के बीच हो तो इसे सिवियर माना जाता है। यह स्वस्थ लोगों की सेहत पर भी असर डाल सकती है। ऐसी हवा बीमार लोगों पर गंभीर असर डाल सकती है। वहीं एक्यूआई 301 से 400 के बीच हो तो लंबे समय तक ऐसी हवा में सांस लेने पर सांस संबंधी बीमारी हो सकती है। सीबीसीबी के मुताबिक, एक्यूआई 0 से 50 के बीच हो तभी इसे अच्छा माना जाता है।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 9 November 2026 at 23:45 IST