अपडेटेड 29 June 2024 at 19:26 IST
Delhi Rain: बच्चों का क्या कसूर? अंडरपास में डूबकर 2 बच्चों की मौत; 2 जिंदगी का जिम्मेदार कौन
भारी बारिश से जहां दिल्ली में लोगों को मुश्किलों का सामना पड़ा, तो कई घर में मातम छा गया। बारिश के बाद अंडरपास में भरा पानी कई लोगों की मौत कारण बन गया है।
Delhi Rain: दिल्ली में शुक्रवार को हुई भारी बारिश ने 88 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। गरीब बस्तियों से लेकर VVIP इलाकों तक सड़कों और लोगों के घर पानी भर गया। अंडरपास में भरे पानी की वजह से कई लोगों को अपनी जान भी गवानी पड़ी। दिल्ली में अगले दो दिनों में भारी बारिश की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश के साथ पहुंचे मानसून के एक दिन बाद शनिवार को यह जानकारी दी। IMD ने अगले चार दिन भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार को हुई भारी बारिश से जहां दिल्ली में लोगों को मुश्किलों का सामना पड़ा, तो वहीं कई घरों में मातम छा गया। सिरसपुर फाटक पर बने अंडरपास में पानी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। बच्चों की उम्र महज 9-9 साल थी। जानकारी के बाद DFS कर्मियों ने दोनों बच्चों को अंडरपास से बाहर निकाला गया और जग जीवन राम अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉ. खुशदिल ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शुक्रवार को भी दिल्ली में अंडरपास में भरे पानी में डूबकर एक मजदूर ने दम तोड़ा था। जिसके बाद सवाल उठने लगे हैं कि इन मौत का जिम्मेदार कौन है?
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
दोपहर 2:30 बजे के आसपास दमकल विभाग को सिरसपुर फाटक अंडरपास में 2 बच्चों के डूबने की फोन पर जानकारी मिली थी। मौके पर पहुंचने पर देखा तो मेट्रो के पास अंडरपास में करीब 3 फीट पानी भरा हुआ था। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने तलाशी अभियान चलाया और 2 बच्चों के शव बरामद किए। जिनमें से एक की पहचान हो गई है। प्राथमिक जांच में यह मामला बच्चों के नहाते समय डूबने का संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने CRPC 174 (अप्राकृतिक मौत की जांच) के तहत कार्रवाई शुरू करदी है।
7 दिन गरज के साथ बारिश का अनुमान
दिल्ली के रोहिणी और बुराड़ी सहित कई इलाकों में सुबह के समय बारिश हुई। दोपहर बाद भी शहर में कई जगह बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 7 दिन गरज के साथ भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। IMD के अनुसार, एक दिन में 7.6 से 35.5 मिलीमीटर के बीच बारिश मध्यम श्रेणी में आती है और एक दिन में 64.5 से 124.4 मिमी के बीच बारिश भारी वर्षा में आती है।
दिल्ली में शुक्रवार को मानसून का आगमन होने के साथ तीन घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण राजधानी में 228.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो 1936 के बाद जून महीने में अब तक की सबसे अधिक बारिश है। IMD के अनुसार, शहर के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग में 228.1 मिमी, लोधी रोड मौसम भवन में 192.8, रिज में 150.4, पालम में 106.6 और आयानगर में 66.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।
(इनपुट-भाषा)
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 29 June 2024 at 19:25 IST