Delhi: नशा मुक्त अभियान के तहत दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 2,642 करोड़ की 1,643 किलो ड्रग्स नष्ट की
दिल्ली के उपराज्यपाल के 2027 तक दिल्ली को नशा मुक्त बनाने के इसी अभियान की कड़ी में उत्तर पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में नशे की बड़ी खेप को नष्ट किया है।
- भारत
- 2 min read
Delhi: दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना के 2027 तक दिल्ली को नशा मुक्त बनाने के इसी अभियान की कड़ी में उत्तर पश्चिम दिल्ली के जहांगीरपुरी में नशे की बड़ी खेप को नष्ट किया है। दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की उपस्थिति में दिल्ली पुलिस आयुक्त संजय अरोड़ा के नेतृत्व में पुलिस ने करीब 1643 किलो नशे की खेप को नष्ट किया। नशे की इस खेप की अंतरराष्ट्रीय कीमत 2642 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
क्राइम ब्रांच, दक्षिण जिला, रोहिणी जिला, पश्चिम जिला और विशेष सेल से बरामद नशीले पदार्थों में कैनबिस (529.456 किलोग्राम), चरस (27.347 किलोग्राम), हेरोइन (11.580 किलोग्राम), कोकीन (517.875 किलोग्राम), एमडीएमए (15 ग्राम), पोस्ता स्ट्रा (542.3 किलोग्राम), केटामाइन (8.0 किलोग्राम), इफेड्रिन (6.5 किलोग्राम) शामिल हैं। आज नष्ट किया गया 517.700 किलोग्राम कोकीन कुल 1289 किलोग्राम कोकीन और 39.706 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा का हिस्सा है।
दिल्ली को नशा मुक्त बनाने आभियान
- 21 दिसंबर, 2022: लगभग 2,888 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट किए गए।
- 26 जून, 2023: लगभग 15,700 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट किए गए।
- 20 फरवरी, 2024: लगभग 10,631 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट किए गए।
- 17 दिसंबर, 2024: लगभग 10,601.192 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट किए गए।
- 24 जनवरी, 2025: लगभग 1,575 किलोग्राम ड्रग्स नष्ट किए गए।
नष्ट की गई इन दवाओं की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कुल कीमत लगभग 5,997.75 करोड़ रुपये आंकी गई है।
दिल्ली के उपराज्यपाल विनय सक्सेना ने कहा कि 2027 तक दिल्ली को नशा मुक्त बनाने का सपना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने इस अभियान में दिल्लीवासियों से भी सहयोग की अपील की साथ ही इस दौरान उन्होंने मानस पोर्टल को लेकर भी जानकारी दी, और कहा कि मानस पोर्टल एक ऐसी सेवा है जहां कोई भी नागरिक आगे बढ़कर नशा तस्करों की जानकारी देकर इसमें अपना सहयोग दे सकता है।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 3 April 2025 at 23:15 IST