अपडेटेड 10 November 2025 at 21:26 IST

Delhi Blast : 'धीमी गति से कार रेड लाइट पर रुकी और ब्लास्ट हो गया...', दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कैसे हुआ विस्फोट

Delhi News : दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कि एक धीमी गति से आ रही गाड़ी रेड लाइट पर रुकी। उस गाड़ी में विस्फोट हुआ और विस्फोट की वजह से आस-पास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।

Follow :  
×

Share


दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने बताया कैसे हुआ विस्फोट | Image: Republic

Delhi Blast News : दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास हुए विस्फोट में 10 लोगों की मौत के बाद राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में सुरक्षा एजेंसियां चौकस हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और अपडेट लिया।

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस कमिश्नर से बात की है। NSG, NIA और फोरेंसिक विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दिल्ली की घटना के संबंध में गृह मंत्री IB निदेशक के साथ लगातार संपर्क में हैं।

'धीमी गति से आई कार'

दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने धमाके की जानकारी देते हुए बताया, "आज शाम करीब 6.52 बजे एक धीमी गति से आ रही गाड़ी रेड लाइट पर रुकी। उस गाड़ी में विस्फोट हुआ और विस्फोट की वजह से आस-पास की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा। सभी एजेंसियां, FSL, NIA यहां मौजूद हैं... घटना में कुछ लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। गृह मंत्री का भी फोन आया था और समय-समय पर उनके साथ जानकारी साझा की जा रही है।"

चांदनी चौक मार्किट बंद

दिल्ली में हुए इस हमले की टाइमिंग बेहद संदिग्ध है। स्थिति को देखते हुए मंगलवार को चांदनी चौक मार्किट बंद रहेगी। यह फैसला मार्केट एसोसिएशन ने लिया है। लाल किला, कनॉट प्लेस और इंडिया गेट को जोड़ने वाले इलाकों के पास बैरिकेड लगाए गए हैं। पूरी दिल्ली को हाई अलर्ट पर रखा गया है और जगह-जगह पुलिस चेकिंग कर रही है। दिल्ली पुलिस ने दरियागंज से लाल किले की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की एंट्री पर पाबंदी लगा दी है। 

कई राज्य अलर्ट पर

दिल्ली विस्फोट के बाद कई राज्यों को अलर्ट पर रखा गया है। विधानसभा चुनाव के बीच बिहार में अलर्ट जारी किया गया है। चंडीगढ़ में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। केरल के पुलिस प्रमुख रवादा आजाद चंद्रशेखर ने पुलिस को पूरे राज्य में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा में भी सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें: कोई रच रहा दिल्ली-NCR को दहलाने की साजिश? पहले फरीदाबाद में 2900 किलो विस्फोटक बरामद फिर लाल किले के पास धमाका

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 10 November 2025 at 21:01 IST